नालासोपारा में ज्वैलर्स शॉप में सेंधमारी, 15 लाख के आभूषण चोरी कर फरार हुए चोर
नालासोपारा के मोरेगांव में ज्वैलर्स शॉप का शटर तोड़कर लाखों के आभूषण चोरी, सीसीटीवी कैमरे भी तोड़कर ले गए अज्ञात चोर।

तस्वीर में नालासोपारा पूर्व के मोरेगांव इलाके में स्थित श्री जैन ज्वैलर्स शॉप का बाहरी हिस्सा और मौके पर मौजूद लोग व पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं।
नालासोपारा पूर्व के मोरेगांव इलाके में तुलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र स्थित श्री जैन ज्वैलर्स शॉप में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। रात के समय शटर तोड़कर दुकान में घुसे चोरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए और उन्हें अपने साथ ले गए। शॉप से करीब 15 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुनील महेंद्र (धींग) जैन, मूल गांव-पड़ासली, जिला राजसमंद, राजस्थान निवासी हैं। उनकी नालासोपारा पूर्व के मोरेगांव इलाके में श्री जैन ज्वैलर्स नामक शॉप है। सोमवार को उन्होंने दिनभर व्यापार किया और रात करीब 10 बजे शॉप बंद कर घर लौट गए।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे सुनील जैन शॉप खोलने पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला और ताले भी टूटकर पड़े थे। उन्होंने तुरंत शॉप के अंदर प्रवेश किया तो शोकेस में रखे कई आभूषण गायब मिले। इससे उन्हें शॉप में चोरी होने की जानकारी हुई।
इसके बाद शॉप की अधिक जांच करने पर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी गायब मिले। बताया जा रहा है कि चोरों ने चोरी करने से पहले सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया था और वारदात के बाद उन्हें अपने साथ ले गए, ताकि पुलिस की गिरफ्तारी से बच सकें। चोरों ने शटर और ताले तोड़कर शॉप में प्रवेश किया और लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर मौके से फरार हो गए।
शॉप से तकरीबन 15 लाख रुपये के आसपास की चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल तुलिंज पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस के तहत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है और अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की जांच अब चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों तक पहुंचने पर केंद्रित है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
