नालासोपारा: ज्वैलर्स शॉप में नकली पिस्तौल से लूट की कोशिश, आरोपी वडाला से गिरफ्तार
नालासोपारा पूर्व के नागिनदास पाड़ा में व्यापारी की सूझबूझ से लूट की वारदात नाकाम, तुलिंज पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शातिर अपराधी को दबोचा।

नालासोपारा पूर्व स्थित तुलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र के नागिनदास पाड़ा में दिनदहाड़े नकली पिस्तौल के बल पर ज्वैलर्स शॉप में लूट की नाकाम कोशिश करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर मुंबई के वडाला से गिरफ्तार कर लिया। इस वारदात के बाद क्षेत्र के सराफा व्यापारियों में भय और दहशत का माहौल बन गया था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि उसके दूसरे साथी की तलाश जारी है।
शिकायतकर्ता भोलाराम खीमाराम चौधरी, उम्र 52 वर्ष, रूम नंबर C/202, वैकुंठ नगर, फेज-1, तुलिंज रोड, नालासोपारा पूर्व के निवासी हैं। उनका मूल गांव नाडोल, जिला पाली, राजस्थान है। वह सराफा व्यापारी हैं और नालासोपारा पूर्व के नागिनदास पाड़ा स्थित साई ज्योत बिल्डिंग, दुकान नंबर 2 में संचालित नीलम ज्वैलर्स शॉप में बैठे थे।
25 जून 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे दो अज्ञात युवक गहने खरीदने के बहाने दुकान में दाखिल हुए। ज्वैलर्स ने उन्हें दिखाने के लिए सोने के झुमके निकाले। इसी दौरान टोपी पहने एक युवक ने जेब से रिवॉल्वर निकालकर ज्वैलर्स के सिर पर तान दी और धमकी देते हुए कहा, "चिल्लाना नहीं, वरना गोली मार देंगे।" इसके बाद उसने झुमकों वाली ट्रे खींचने की कोशिश की।
वारदात के दौरान आरोपी काउंटर की ओर झुकते हुए नीचे गिर गया। तभी भोलाराम चौधरी की नजर पिस्तौल पर पड़ी और उन्हें पता चला कि वह प्लास्टिक की नकली पिस्तौल है। इसके बाद उन्होंने साहस दिखाते हुए दोनों आरोपियों का मुकाबला किया और मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। व्यापारी की सूझबूझ और बहादुरी से लूट की वारदात नाकाम हो गई।
घटना के बाद ज्वैलर्स की शिकायत पर तुलिंज पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(5), 62 तथा 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
क्राइम पीआई अमर मराठे के मार्गदर्शन में डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान दोनों आरोपियों की पहचान की गई। इनमें से एक आरोपी शातिर अपराधी निकला, जो कई आपराधिक मामलों में पहले से वांछित था। उसकी पहचान कोकरी आगार, वडाला, मुंबई निवासी कन्नन मुर्गेश तेवर, उम्र 50 वर्ष, के रूप में हुई।
पहचान होने के बाद तुलिंज पुलिस टीम ने वडाला में जाल बिछाया और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर नालासोपारा लाया। पूछताछ में उसने ज्वैलर्स शॉप में लूट की नाकाम कोशिश करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सायन, दादर, दादर तथा अंटॉप हिल पुलिस स्टेशनों में जबरन चोरी, लूटपाट और मकोका के तहत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने दिनदहाड़े हुई लूट की कोशिश का खुलासा करते हुए सराफा व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
