नालासोपारा पूर्व के तुलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में दो दोस्तों के बीच हुई मामूली बहस के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। हमले में युवक के पेट पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में लेकर घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर घायल को मुंबई के कांदीवली स्थित एक अस्पताल में रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, नालासोपारा पूर्व के रहमत नगर स्थित सितारा बेकरी के पास रहने वाले मोहम्मद फजल खान, उम्र 18 वर्ष और मोहम्मद हमजा जावेद शेख, उम्र 20 वर्ष, दोनों दोस्त हैं। 23 सितंबर 2026, बुधवार की रात दोनों के बीच बहस हो रही थी।

बताया गया है कि बहस के दौरान हमलावर मोहम्मद फजल खान अपने दोस्त से कह रहा था कि वह किसी से डरता नहीं है और उसे कोई भी हाथ नहीं लगा सकता, पुलिस भी नहीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस चल रही थी। इसी दौरान मोहम्मद हमजा जावेद शेख ने मजाक-मस्ती में मोहम्मद फजल खान के गाल पर हल्की चपत मार दी।

चपत मारने की बात से मोहम्मद फजल खान गुस्से में आ गया और उसने आपा खो दिया। इसके बाद उसने चपत मारने वाले युवक के पेट पर चाकू से कई वार कर दिए। चाकू के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी एक व्यक्ति ने तुलिंज पुलिस स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, पुलिस ने हमलावर मोहम्मद फजल खान को हिरासत में लिया। घायल युवक की हालत नाजुक होने के कारण उसे मुंबई के कांदीवली स्थित एक अस्पताल में रेफर किया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में खौफ का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए मोहम्मद फजल खान के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story