नकली पुलिस बनकर नालासोपारा में वृद्ध से 9.50 लाख के आभूषण लूटे, तीन फरार
नालासोपारा पूर्व में नकली पुलिस बनकर तीन अज्ञात आरोपियों ने 69 वर्षीय वृद्ध से 9.50 लाख रुपये के सोने के आभूषण ठग लिए। आचोले पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

नालासोपारा में नकली पुलिस बनकर तीन अज्ञात लोगों द्वारा एक 69 वर्षीय वृद्ध से लाखों रुपये के आभूषण लूटने का मामला सामने आया है। पूर्व स्थित आचोले पुलिस स्टेशन अंतर्गत हुई इस घटना में आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर वृद्ध को बातों में उलझाया और हाथ की सफाई से आभूषणों से भरी पुड़िया गायब कर दी। मामले में वृद्ध की शिकायत पर पुलिस ने तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ 319 सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नालासोपारा पूर्व क्षेत्र के बि/विंग रूम नं 201, झालावाड़ दर्शन अपार्टमेंट, अलकापुरी रोड, नालासोपारा पूर्व निवासी शरद लक्ष्मण दलवी उम्र (69) वर्षीय जुलाई की सुबह 8:30 बजे के आसपास अपने घर से कुछ दूरी पर चाय पीने के लिए गए थे।
चाय पीने के बाद जब वह वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने खुद को पुलिस वाला बताते हुए कहा कि आप बहुत सारे आभूषण पहनकर घूम रहे हो और इनके चोरी होने की संभावना है। उन्होंने वृद्ध से कहा कि आप पहने हुए सभी आभूषण निकालकर मुझे दे दो, मैं उन्हें अच्छे से बांधकर आपको वापस दे दूंगा।
अज्ञात व्यक्तियों की बातों में आकर वृद्ध ने अपने पहने हुए सभी आभूषण उतारकर उन्हें दे दिए। इसी दौरान आरोपियों ने वृद्ध को बातचीत में उलझा दिया और बड़ी हाथ चालाकी से आभूषणों की पुड़िया गायब कर दूसरी पुड़िया उन्हें थमा दी। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
कुछ देर बाद वृद्ध को घटना में गड़बड़ी का अहसास हुआ। उन्होंने पुड़िया खोलकर देखा तो उसमें रखे आभूषण गायब थे। इसके बाद उन्होंने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
वृद्ध शरद लक्ष्मण दलवी ने पुलिस को बताया कि आरोपी सोने की चेन, अंगूठियों और सोने का ब्रासलेट सहित कुल 9 लाख 50 हजार रुपये के आभूषण लूटकर ले गए। पुलिस ने तीनों नकली पुलिस आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 319,(2) 204 (3)(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
शिकायत दर्ज होने के बाद आचोले पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा फरार तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है, ताकि उन्हें जल्द से जल्द धरदबोचा जा सके।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
