ढाई सौ CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने दबोचा शातिर चेन स्नैचर, 1.40 लाख का सामान बरामद
क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने 250 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी अमित नथु शनवार को दबोचा, वसई-विरार क्षेत्र में चार मामले दर्ज हैं।

क्राइम ब्रांच यूनिट-3 के अधिकारी नालासोपारा चेन स्नैचिंग मामले में गिरफ्तार आरोपी और बरामद बाइक के साथ नजर आ रहे हैं।
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के डिविजन-3 अंतर्गत नालासोपारा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने खुलासा किया है। पुलिस टीम ने करीब ढाई सौ सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद एक शातिर चेन स्नैचर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोने के गहने और बाइक सहित 1 लाख 40 हजार रुपये कीमत का सामान बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वसई-विरार सहित विभिन्न क्षेत्रों में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को शिकायतकर्ता महिला अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही थी। उनकी बाइक नालासोपारा पश्चिम स्थित सन सिटी रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक महिला के नजदीक पहुंचा और इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, उसने झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और बाइक से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने नालासोपारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने पीआई समीर शेख के मार्गदर्शन में जांच शुरू की। इस दौरान ब्रांच के एपीआई अमोल तालेकर, मंगेश वडने, रामचंद्र पाटिल, शिवाजी पाटिल, किरण म्हात्रे, गोविंद केंद्र, प्रशांत पाटिल, राकेश पवार, इंद्रनील पाटिल, सुनील पाटिल, युवराज वाघमोड़े, सुमित जाधव, दत्तात्रय जाधव, आतिश पवार, तुषार दलवी और मनोहर तरडे सहित टीम के अन्य सदस्यों ने जांच को आगे बढ़ाया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। करीब ढाई सौ सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान संदिग्ध की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने तलाश कर पालघर जिले के तलासरी निवासी अमित नथु शनवार (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से सोने के गहने और बाइक सहित कुल 1 लाख 40 हजार रुपये कीमत का सामान जब्त किया है। जांच में सामने आया कि अमित एक शातिर चेन स्नैचर है और विभिन्न क्षेत्रों में चेन स्नैचिंग की चार वारदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपी के खिलाफ वसई-विरार सहित अन्य क्षेत्रों में चार आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। ढाई सौ सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद हुई इस गिरफ्तारी से पुलिस ने चेन स्नैचिंग की तीन आपराधिक वारदातों का पर्दाफाश किया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
