भू-माफिया शंभूगुप्ता पर ठगी का केस दर्ज, रूम देने के नाम पर लिए थे 5 लाख रुपए
नालासोपारा में रूम देने के नाम पर 5 लाख की ठगी के आरोप में भू-माफिया शंभूगुप्ता पर केस दर्ज, तुलिंज पुलिस जांच में जुटी।

तस्वीर में सफेद शर्ट और धूप का चश्मा पहने शंभूगुप्ता नालासोपारा में एक मोटरसाइकिल पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।
नालासोपारा में रूम देने के नाम पर पांच लाख रुपए की कथित ठगी के मामले में भू-माफिया शंभूगुप्ता के खिलाफ तुलिंज पुलिस स्टेशन में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी चाल बिल्डर है और क्षेत्र में अवैध निर्माण करने का कारोबार करता है। पीड़ित को पैसे लेने के बाद न तो रूम दिया गया और न ही रकम वापस लौटाई गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दीपक राजभर नामक व्यक्ति ने कुछ महीनों पहले प्रगतिनगर, नालासोपारा पूर्व स्थित नव निर्माण चाल में पांच लाख रुपए में रूम खरीदा था। यह रूम क्षेत्र के भू-माफिया शंभूगुप्ता से खरीदा गया था। आरोप है कि रकम लेने के बाद शंभूगुप्ता ने दीपक राजभर को रूम नहीं दिया और पैसे भी वापस नहीं किए।
बताया जा रहा है कि यही शंभूगुप्ता कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर भी चर्चा में आया था। वायरल वीडियो में शंभूगुप्ता बार बालाओं पर पैसे उड़ाता हुआ दिखाई दे रहा था। आरोप है कि आम लोगों की मेहनत की कमाई से अपना आशियाना खरीदने का सपना देखने वाले लोगों से पैसे लेने के बाद अवैध चाल निर्माण करने वाला भू-माफिया शंभूगुप्ता उन पैसों को बीयर बार में बार बालाओं पर खर्च करता है।
सूत्रों के अनुसार, भू-माफिया शंभूगुप्ता अवैध चालों का निर्माण कर लोगों को रूम बेचता है और इसी तरह धोखाधड़ी करता है। ऐसे ही एक मामले में दीपक राजभर से रूम देने के नाम पर पांच लाख रुपए लिए गए थे। जब लंबे समय तक रूम नहीं मिला और रकम भी वापस नहीं की गई तो पीड़ित ने तुलिंज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर तुलिंज पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है और आरोपी शंभूगुप्ता की तलाश में जुट गई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
