नालासोपारा में भीषण सड़क हादसा, गैस वाहन की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत
नालासोपारा पूर्व के आचोले-वसई लिंक रोड पर गैस डिलीवरी वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने वाहन और चालक को हिरासत में लेकर हिट एंड रन का मामला दर्ज किया है।

तस्वीर में आचोले-वसई लिंक रोड पर दुर्घटनास्थल पर खड़ी क्षतिग्रस्त बाइक, पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग नजर आ रहे हैं।
नालासोपारा पूर्व के आचोले-वसई लिंक रोड पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर से भरे एक वाहन ने तेज रफ्तार में बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार वाहन के नीचे आ गया और गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जानकारी के अनुसार, मार्टिन कॉम्प्लेक्स परिसर के पास रविवार सुबह करीब 11:30 बजे एक बाइक सवार व्यक्ति अपने काम से जा रहा था। इसी दौरान भारत पेट्रोलियम गैस डिलीवरी के तेज रफ्तार वाहन क्रमांक MH 43 / CE - 8151 ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बाइक सवार को कुचलते हुए निकल गया।
दुर्घटना के बाद बाइक सवार व्यक्ति वाहन के नीचे फंस गया। मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालकों और आम लोगों ने उसे वाहन के नीचे से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां उपस्थित डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अकस्मात की जानकारी मिलते ही आचोले पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने भारत पेट्रोलियम गैस डिलीवरी वाहन और चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने हिट एंड रन का मामला दर्ज कर आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
फिलहाल मृतक बाइक सवार व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों की ओर से हादसे में लापरवाही की बात कही जा रही है। हालांकि, हादसा किसकी गलती से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
