मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के डिविजन-2 अंतर्गत नायगांव पुलिस ने सेंधमारी और चोरी के मामले में एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से 9,14,900 रुपये का कीमती सामान बरामद किया है। जांच के दौरान आरोपी द्वारा नायगांव में दो और काशीमीरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक, कुल तीन आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का खुलासा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, किसन सिंह देवी सिंह राजपूत, उम्र 33 वर्ष, पेशा हार्डवेयर व्यापार, मूल निवासी गांव कागमदरदा, नटवाड़ा, जिला राजसमंद, राजस्थान, नायगांव पूर्व स्थित एलके बिल्डिंग के रूम नंबर 07 में परिवार के साथ रहते हैं। 7 अगस्त को वह परिवार के साथ अपने मूल गांव राजस्थान गए थे। दो दिन बाद जब वे वापस लौटे तो घर का दरवाजा खुला मिला, जबकि वे घर से निकलते समय उसे बंद करके गए थे।

घर में प्रवेश करने पर किसन सिंह ने देखा कि तिजोरी खुली हुई थी। लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित कुल 4,25,000 रुपये का कीमती सामान गायब था। उन्हें समझते देर नहीं लगी कि किसी अज्ञात चोर ने घर में चोरी की है। इसके बाद उन्होंने नायगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(3), 331(4) और 305 (ए) के तहत मामला दर्ज किया।

अपराध की गंभीरता को देखते हुए पीआई संजय हजारे ने दो अलग-अलग टीमें गठित कीं। पीआई अभिजीत मडके के नेतृत्व में सपोनी/यशपाल सूर्यवंशी, ज्ञानेश्वर असवे, शेखर पवार, सचिन ओलेकर, सचिन मोहिते, चेतन ठाकरे, सचिन खंतल, अमर पवार, जयवंत खांडवी, अशोक पाटिल, पांडुरंग महाले और दीपक भांगे सहित पुलिस टीम ने जांच शुरू की।

अपराध जांच शाखा की दो अलग-अलग टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण और गुप्त मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान दो शातिर अपराधियों के नाम सामने आए।

पुलिस ने शास्त्री नगर पाइपलाइन के पास, साकीनाका, मुंबई से मोइनुद्दीन निजामुद्दीन शेख, उम्र 47 वर्ष, तथा रूम नंबर 502, जय अम्बे एसआरए बिल्डिंग, चेंबूर, मुंबई से ऑटो रिक्शा चालक दिलीपकुमार रामरतन जायसवाल, उम्र 50 वर्ष, को गिरफ्तार किया।

पुलिस द्वारा दोनों से पूछताछ करने पर उन्होंने नायगांव में चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस टीम ने उनकी निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल की गई एक कार तथा चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित कुल 9,14,900 रुपये का कीमती सामान बरामद किया।

आगे की जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर नायगांव में दो और काशीमीरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक, कुल तीन आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था।

आरोपी मोइनुद्दीन निजामुद्दीन शेख, उम्र 47 वर्ष, के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की गई। पुलिस के अनुसार, वह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ मुंबई शहर, ठाणे शहर, पालघर, जलगांव सहित अलग-अलग स्थानों पर सेंधमारी के सात मामले दर्ज हैं।

नायगांव पुलिस की इस कार्रवाई से तीन आपराधिक घटनाओं का पर्दाफाश हुआ है और चोरी में इस्तेमाल वाहन के साथ 9,14,900 रुपये का कीमती सामान बरामद किया गया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story