मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के डिविजन-2 अंतर्गत नायगांव पुलिस की टीम ने गांजा की हेराफेरी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी वेल्डिंग का काम करता है और कम समय में लाखों रुपये कमाने के लिए गांजा की हेराफेरी करता था। नायगांव डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने उसके पास से 2 लाख 21 हजार रुपये कीमत का गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार, नायगांव पुलिस स्टेशन के पीआई संजय हजारे को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग नशीले पदार्थ गांजा की हेराफेरी करने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद पीआई संजय हजारे के मार्गदर्शन और एपीआई यशपाल सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संबंधित स्थान पर जाल बिछाया।

पुलिस टीम पूर्व स्थित वाकिपाड़ा चंडिका देवी मंदिर के पास खुली जगह पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ट्रॉली बैग लेकर खड़ा किसी का इंतजार करता दिखाई दिया। उसके हाव-भाव संदिग्ध नजर आने पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मेंहबूब निसार शेख, उम्र 30 वर्ष, निवासी आबेडकर रोड, शिवाजी चौक, कल्याण बताया। उसने अपना पेशा वेल्डिंग कारीगर बताया। उसके पास मौजूद ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर अलग-अलग प्लास्टिक थैलियों में गांजा पाया गया। पुलिस ने कुल 8 किलो गांजा और एक मोबाइल सहित अन्य सामान जब्त किया। जब्त किए गए नशीले पदार्थ गांजा की कुल कीमत 2 लाख 21 हजार रुपये आंकी गई है।

फिलहाल नायगांव पुलिस ने मेंहबूब निसार शेख के खिलाफ बीएनएस कलम के अंतर्गत एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वसई कोर्ट में पेश किए जाने के बाद उसे कुछ दिनों के लिए पुलिस कस्टडी में रखने का आदेश दिया गया है।

नायगांव पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और उसे किसे बेचने वाला था।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story