नायगांव में 11वीं मंजिल से गिरकर 6 वर्षीय बच्चे की मौत, नवकार टावर में खेलते समय हुआ हादसा
मुंबई के नायगांव पूर्व स्थित नवकार टावर की 11वीं मंजिल से गिरकर 6 वर्षीय मिलीत दिनेश कुमार की मौत हो गई। राजस्थान के पाली जिले के मजदूर परिवार के बच्चे के साथ हुए हादसे के बाद नायगांव पुलिस ने अकस्मात मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

मुंबई के नायगांव पूर्व में 11वीं मंजिल से गिरने के कारण 6 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना 24 नवंबर 2026 की शाम की है। बच्चा नवकार टावर की 11वीं मंजिल पर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह किसी अज्ञात कारण से नीचे गिर गया। हादसे के बाद उसे गंभीर अवस्था में नजदीकी कार्डिनल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
यह घटना मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के डिविजन 2 अंतर्गत नायगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नायगांव पूर्व स्थित नवकार टावर के सामने एक निर्माणाधीन इमारत में निर्माण कार्य चल रहा है। यहां कई मजदूर अपने परिवारों के साथ रहकर मजदूरी करते हैं। इन्हीं मजदूरों में राजस्थान के पाली जिले के बालना गांव के मूल निवासी दिनेश कुमार चौगाराम सुथार भी अपने परिवार के साथ रहते हैं।
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को शाम करीब 4 बजे दिनेश कुमार का 6 वर्षीय बेटा मिलीत दिनेश कुमार सामने स्थित नवकार टावर की 11वीं मंजिल पर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह किसी अज्ञात कारण से खेलते-खेलते नीचे गिर गया। उसके साथ खेल रही एक बच्ची ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद बच्ची की मां ने तुरंत दिनेश कुमार को इसकी सूचना दी।
बच्चे के गिरने की खबर मिलते ही निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहे मजदूर घटनास्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने बच्चे को एक पाइप पर लटका हुआ और बेहोशी की हालत में पाया। इसके बाद उसे तत्काल नजदीकी कार्डिनल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत की सूचना डॉक्टरों की ओर से नायगांव पुलिस स्टेशन को दी गई। अस्पताल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अकस्मात मृत्यु के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की छानबीन में जुटी हुई है।

