म्युनिसिपल को-ऑपरेटिव बैंक ने 'भारत को-ऑपरेटिव बैंकिंग समिट' में लगाई पुरस्कारों की हैट्रिक
लखनऊ में आयोजित भारत को-ऑपरेटिव बैंकिंग समिट में दि म्युनिसिपल को-ऑपरेटिव बैंक ने तीन राष्ट्रीय पुरस्कार जीतकर रचा इतिहास। आधुनिक तकनीक और सुरक्षा के दम पर बैंक ने कैसे हासिल की यह बड़ी कामयाबी? पढ़ें पूरी खबर।

लखनऊ में आयोजित 'भारत को-ऑपरेटिव बैंकिंग समिट-2026' में 'दि म्युनिसिपल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड' के प्रतिनिधि पुरस्कार प्राप्त करते हुए।
बैंकिंग जगत में अपनी तकनीकी दक्षता और उत्कृष्ट वित्तीय प्रबंधन का लोहा मनवाते हुए, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के कर्मचारियों के लिए संचालित 'दि म्युनिसिपल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड' ने राष्ट्रीय स्तर पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। लखनऊ में आयोजित प्रतिष्ठित 'भारत को-ऑपरेटिव बैंकिंग समिट-2026' में इस बैंक ने तीन प्रमुख श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। भारत नेटवर्क ग्रुप- द बैंकर द्वारा नैफकॅब के सहयोग से आयोजित इस गरिमापूर्ण समारोह में बैंक को 'सर्वश्रेष्ठ डेटा सेंटर कार्यान्वयन', 'सर्वश्रेष्ठ साइबर सुरक्षा पहल' और 'सर्वश्रेष्ठ जोखिम प्रबंधन पहल' के लिए पुरस्कृत किया गया।
यह अभूतपूर्व सफलता बीएमसी कमिश्नर व बैंक की अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी भिडे और अतिरिक्त कमिश्नर व बैंक के उपाध्यक्ष अभिजीत बांगर के कुशल नेतृत्व और रणनीतिक मार्गदर्शन का परिणाम है। बैंक के कार्यकारी अध्यक्ष किशोर गांधी, अजीतकुमार आंबी और निदेशक मंडल के दूरदर्शी प्रबंधन के कारण पिछले एक दशक में बैंक ने वित्तीय प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। लखनऊ में आयोजित तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन में बैंक की विभिन्न समितियों के अध्यक्षों भानुदास भोईर, किरण आव्हाड, महेश ठाकरे, अभिजीत बागुल और बैंक के निदेशक मंडल के सदस्यों ने आधिकारिक रूप से ये प्रतिष्ठित सम्मान ग्रहण किए।
वर्तमान में बैंक लगभग 66 हजार 761 सदस्यों के भरोसे का केंद्र बना हुआ है। किसी भी बड़े निजी बैंक की तर्ज पर यह संस्थान कोर बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, आरटीजीएस, एनईएफटी और ई-कॉमर्स जैसी अत्याधुनिक डिजिटल सुविधाएं प्रदान कर रहा है। इसके साथ ही, मुंबई और उपनगरों में बैंक के 11 एटीएम केंद्र निरंतर सक्रिय हैं। बैंक के महाप्रबंधक विनोद रावदका के अनुसार, सुदृढ़ सुरक्षा प्रणाली और नियोजित वित्तीय प्रबंधन के चलते बैंक न केवल लगातार लाभ अर्जित कर रहा है, बल्कि इस मुनाफे का सीधा लाभ कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सदस्यों तक पहुंचाया जा रहा है। यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल बैंक की व्यावसायिक सफलता का प्रतीक है, बल्कि बीएमसी कर्मचारियों और खाताधारकों के लिए गौरव का विषय है, जिसने सहकारिता के क्षेत्र में बैंक की विश्वसनीयता को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
