मुंबई में महिलाओं के स्वास्थ्य का महाअभियान, 27 हजार जांच में 1,276 में मिले लक्षण
मुंबई में महिलाओं के लिए चलाए गए स्वास्थ्य अभियान में 27,866 जांच हुईं, 1,276 महिलाओं में लक्षण मिले और मुफ्त इलाज की व्यवस्था की जाएगी।

मुंबई में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर चलाए गए विशेष जनस्वास्थ्य अभियान में बड़ी संख्या में महिलाओं की जांच की गई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस अभियान के तहत 'बहन लाडली मुख्यमंत्री की, रखें ख्याल उसकी सेहत का' संदेश के साथ बृहन्मुंबई महानगरपालिका के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने पूरे शहर में स्तन कैंसर जांच शिविरों का आयोजन किया।
मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए आयोजित इस व्यापक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम में शहर भर के 298 विशेष जांच केंद्रों पर कुल 27 हजार 866 महिलाओं ने अपनी जांच कराई। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में स्तन कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बीमारी का शुरुआती चरण में पता लगाना और समय पर उचित इलाज उपलब्ध कराकर जीवन बचाना है।
जांच के दौरान 1 हजार 276 महिलाओं में आगे की विस्तृत मेडिकल जांच की आवश्यकता महसूस की गई। इन महिलाओं में संभावित लक्षण पाए गए हैं। सभी महिलाओं को संबंधित प्रशासनिक प्रभागों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों की देखरेख में नजदीकी पालिका अस्पतालों में भेजा जा रहा है, जहां उनकी मुफ्त मैमोग्राफी कराई जाएगी।
यदि आगे की जांच में किसी महिला में बीमारी की पुष्टि होती है, तो उसके संपूर्ण उपचार की व्यवस्था मुंबई महानगरपालिका के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा नि:शुल्क की जाएगी।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए 360 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों, 900 से अधिक पैरामेडिकल कर्मचारियों और 2,500 से अधिक सामुदायिक स्वास्थ्य स्वयंसेवकों एवं आशा कार्यकर्ताओं की टीम ने काम किया। कम समय में बड़े स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को महिलाओं तक पहुंचाने में इन स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वय और प्रयासों की अहम भूमिका रही।
अभियान की सफलता और आगे की योजनाओं की जानकारी देते हुए सार्वजनिक स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक 164 के भाजपा अध्यक्ष हरिश भांगिरे ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाए गए इस अभियान को मुंबई के हर कोने से अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला है। उन्होंने शिविरों में पहुंचकर जांच कराने वाली सभी महिलाओं का जागरूक नागरिक के रूप में आभार व्यक्त किया।
हरिश भांगिरे ने बताया कि जिन 1,276 महिलाओं में संदिग्ध लक्षण पाए गए हैं, उनकी आगे की जांच पालिका अस्पतालों में की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों द्वारा उनका और उनके परिवार का मार्गदर्शन व काउंसलिंग भी की जाएगी। महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच और समय पर उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
