मुंबईकरों को बड़ी राहत, 10 प्रतिशत पानी कटौती जल्द होगी वापस, 96.64% जल भंडार
मुंबई में 15 मई से लागू 10 प्रतिशत पानी कटौती जल्द वापस हो सकती है। बीएमसी की रिपोर्ट में सातों झीलों और बांधों में 96.64 प्रतिशत जल भंडार बताया गया है। आयुक्त जल्द राज्य सरकार से चर्चा करेंगी।

मुंबई में 15 मई से लागू 10 प्रतिशत पानी कटौती अब जल्द वापस ली जाएगी। बीएमसी के जल अभियंता विभाग ने मुंबई को पानी सप्लाई करने वाली सभी सात झीलों और बांधों में पानी के वर्तमान स्तर की समीक्षा के बाद पानी कटौती हटाने को लेकर विस्तृत रिपोर्ट बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े को सौंप दी है।
रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद अधिकारियों ने महापौर रितू तावड़े, सदन के नेता गणेश खणकर और स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे के साथ पानी कटौती के मुद्दे पर चर्चा की। वर्तमान में मुंबई को पानी देने वाले बांधों में कुल 96.64 प्रतिशत पानी का संतोषजनक स्टॉक उपलब्ध है। पर्याप्त जलस्तर को देखते हुए सभी जनप्रतिनिधियों और बीएमसी अधिकारियों के बीच पानी कटौती खत्म करने पर सहमति बन गई है।
बीएमसी सूत्रों के अनुसार, आयुक्त अश्विनी भिड़े जल्द ही राज्य सरकार और मुख्यमंत्री से औपचारिक बातचीत करेंगी। इसके बाद पानी कटौती हटाने का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।
15 मई से लागू 10 प्रतिशत पानी कटौती के कारण मुंबई के कई इलाकों में बहुत कम दबाव से पानी की आपूर्ति हो रही थी। इससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बीएमसी को रोजाना नागरिकों की शिकायतों और गुस्से का सामना करना पड़ रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, पानी कटौती के जरिए रोजाना 400 मिलियन लीटर पानी बच रहा था, लेकिन महीने भर में होने वाली कुल बचत सिर्फ एक दिन के पानी के बराबर थी। अब झीलों में भरपूर पानी उपलब्ध होने के कारण बीएमसी ने मुंबईकरों को पानी कटौती की समस्या से राहत देने का फैसला किया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
