मुंबई: वडाला में मामूली विवाद में 22 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या
होली के दौरान पैर छू जाने के विवाद में चार युवकों ने तुषार उज्जैनवाला पर हमला किया, वडाला पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया।

मुंबई। वडाला इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ होली के त्यौहार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब महज एक मामूली विवाद के चलते 22 वर्षीय युवक तुषार उज्जैनवाला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मुंबई पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना वडाला के कोकरीपाड़ा इलाके में हुई।
शराब के नशे में विवाद और हमला
आरोपी युवक होली मनाने के बाद एक जगह इकट्ठा होकर बीयर पी रहे थे। इसी दौरान तुषार उज्जैनवाला अपने एक दोस्त के साथ वहां से गुजर रहा था। चलते समय गलती से तुषार का पैर एक आरोपी से छू गया। नशे में धुत आरोपियों ने इस बात पर तुषार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शुरुआती विवाद के बाद तुषार अपने घर लौटा और अपने बड़े भाई को पूरी बात बताई। इसके बाद, दोनों भाई आरोपियों से इस दुर्व्यवहार का कारण पूछने और उन्हें समझाने वापस घटना स्थल पर गए।
बेरहमी से पिटाई और मृत्यु
वहां स्थिति और बिगड़ गई। आरोपियों ने बातचीत करने के बजाय दोनों भाइयों पर हमला बोल दिया। चारों आरोपियों ने मिलकर तुषार को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसे गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिसिया कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही वडाला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर चारों मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर कड़ियां जोड़ रही है ताकि आरोपियों को सख्त सजा मिल सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
