मुंबई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मुंबई शहर और उपनगरों में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी अभियान के तहत 26 और 27 सितंबर 2026 को पूरे मुंबई क्षेत्र में दो दिवसीय विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। बृहन्मुंबई की सभी विधानसभा सीटों के अंतर्गत निर्धारित मतदान केंद्रों पर लगने वाले इन शिविरों में मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

मुंबई की जिला निर्वाचन अधिकारी और बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने सभी मुंबईकरों से विशेष शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है। अभियान के तहत उन नागरिकों को मतदाता बनने का अवसर मिलेगा, जिनकी उम्र 1 अक्टूबर 2026 तक या उससे पहले 18 वर्ष पूरी हो चुकी है।

इसके अलावा ऐसे नागरिक भी इन शिविरों का लाभ उठा सकेंगे, जिनके नाम किसी वजह से ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं या जो नए स्थान पर रहने लगे हैं। मतदाता सूची में दर्ज पुरानी जानकारी में किसी प्रकार का सुधार कराने अथवा किसी नाम को हटवाने के लिए भी शिविरों में फॉर्म जमा किए जा सकेंगे।

नागरिकों की सुविधा के लिए फॉर्म नंबर 6, 7 और 8 मतदान केंद्र अधिकारियों यानी बीएलओ के पास उपलब्ध रहेंगे। जो नागरिक डिजिटल माध्यम से आवेदन करना चाहते हैं, वे चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए भी ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे।

मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। बीएमसी प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते 26 और 27 सितंबर को आयोजित होने वाले विशेष शिविरों का लाभ उठाएं और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story