मुंबई में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान कल से, BLO करेंगे घर-घर सत्यापन
मुंबई शहर और उपनगर में 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान में नए नाम जोड़ने और विवरण सुधारने का मौका मिलेगा।

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत मुंबई शहर और उपनगर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का महत्वपूर्ण अभियान 30 जून से शुरू होगा। 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिडे ने मुंबई के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे बीएलओ को आवश्यक दस्तावेज और सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण सहयोग दें।
विशेष अभियान के तहत बीएलओ प्रत्येक घर पहुंचकर मतदाताओं को एक गणना फॉर्म उपलब्ध कराएंगे। नागरिकों को इस फॉर्म में अपनी सही जानकारी भरकर, हस्ताक्षर कर उसकी एक प्रति बीएलओ को वापस सौंपनी होगी। प्रशासन ने नागरिकों को सलाह दी है कि बीएलओ के घर आने से पहले वे चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in अथवा 'ईसी नेट ऐप' पर जाकर पुरानी मतदाता सूची में अपना या अपने माता-पिता का विवरण खोजकर तैयार रखें।
यदि किसी नागरिक या उनके माता-पिता का नाम पिछली मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वे नाम जुड़वाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, दसवीं की मार्कशीट, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, सरकारी आईडी कार्ड, वन अधिकार प्रमाण पत्र अथवा पहचान पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज और एक नई पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें। पुरानी मतदाता सूची में नाम खोजने के लिए चुनाव आयोग के विशेष लिंक का भी उपयोग किया जा सकता है।
किसी भी प्रकार की जानकारी या पूछताछ के लिए नागरिक अपने निकटतम मतदाता पंजीकरण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा बीएमसी के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800 22 1850 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुरू किए जा रहे इस विशेष अभियान की सफलता के लिए प्रशासन ने सभी नागरिकों से सक्रिय भागीदारी और सहयोग की अपील की है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
