मुंबई के दो सबसे व्यस्त मार्गों पर रोजाना ट्रैफिक जाम से जूझने वाले वाहन चालकों के लिए राहत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुंबई महानगरपालिका ने निर्माणाधीन विद्याविहार और मानखुर्द महाराष्ट्र नगर फ्लाईओवर परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी क्रम में अतिरिक्त महानगरपालिका कमिश्नर अभिजीत बांगर ने शनिवार, 11 जुलाई 2026 की सुबह दोनों परियोजना स्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों व ठेकेदारों को निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अभिजीत बांगर ने निर्देश दिया कि अतिरिक्त मैनपावर और अत्याधुनिक मशीनों की मदद से विद्याविहार फ्लाईओवर का निर्माण कार्य 31 अगस्त 2026 तक तथा मानखुर्द महाराष्ट्र नगर फ्लाईओवर के दोनों आर्म्स का निर्माण 31 मई 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। इस दौरान मुख्य अभियंता राजेश मुळे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुंबई के सबसे बड़े ट्रैफिक हॉटस्पॉट में शामिल मानखुर्द-महाराष्ट्र नगर टी-जंक्शन पर सुबह और रात के समय भारी जाम की स्थिति बनती है। इससे मुंबई से वाशी आने-जाने वाले वाहनों के साथ-साथ घाटकोपर-मानखुर्द लिंक रोड पर भी लंबी वाहन कतारें लग जाती हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए बीएमसी दो स्वतंत्र आर्म्स का निर्माण कर रही है। इनमें पहला आर्म घाटकोपर-मानखुर्द लिंक रोड से सीधे वाशी की ओर जाने वाले वाहनों के लिए होगा, जबकि दूसरा आर्म वाशी से आने वाले वाहनों को मौजूदा फ्लाईओवर से जोड़ेगा। 15 अक्टूबर 2024 से शुरू हुई इस परियोजना का लगभग 33 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निरीक्षण के दौरान अभिजीत बांगर ने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा महावितरण और टाटा पावर की बिजली लाइनों को शीघ्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य की गति प्रभावित न हो।

इसके बाद अतिरिक्त महानगरपालिका कमिश्नर ने विद्याविहार फ्लाईओवर परियोजना का भी निरीक्षण किया। इस परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। लाल बहादुर शास्त्री मार्ग को रामचंद्र चेंबूरकर मार्ग से जोड़ने वाला 650 मीटर लंबा यह फ्लाईओवर विद्याविहार पूर्व और पश्चिम को आपस में जोड़ेगा। परियोजना के तहत रेलवे ट्रैक के ऊपर 100 मीटर लंबा हिस्सा तथा दोनों ओर पहुंच मार्गों का निर्माण किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान अभिजीत बांगर ने स्थानीय एन वार्ड के अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर के दोनों सिरों पर ट्रैफिक में बाधा बनने वाले अवैध निर्माणों, पेड़ों और फुटपाथों का उचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि फ्लाईओवर शुरू होने के बाद मुख्य सड़कों पर वाहनों की भीड़ जमा न हो। निर्धारित समय-सीमा में इन परियोजनाओं के पूरा होने से लाखों मुंबईकरों का दैनिक सफर अधिक सुगम होगा और यात्रा में लगने वाले समय की भी बचत होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story