मुंबई में हर साल मानसून के दस्तक देते ही पेड़ गिरने और उनसे होने वाले जानलेवा हादसों का सिलसिला शुरू हो जाता है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर अब मुंबई की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में खींचतान चरम पर पहुंच गई है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के वरिष्ठ नेता संदीप देशपांडे ने 'प्रातःकाल' से विशेष बातचीत के दौरान बृहन्मुंबई महानगरपालिका के उद्यान विभाग की कार्यप्रणाली और उनके नए टेंडर पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। देशपांडे ने आरोप लगाया है कि बीएमसी के अधिकारी और ठेकेदार आपस में मिलकर नागरिकों की जान के साथ सरेआम खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने बीएमसी उद्यान विभाग के एक टेंडर का हवाला देते हुए उसकी धारा 29 को हास्यास्पद, अतार्किक और अवैज्ञानिक करार दिया है। इस धारा के अनुसार, यदि किसी जीवित पेड़ के तने या जड़ों में कोई खोखला हिस्सा पाया जाता है, तो उसे ठीक करने के नाम पर उसमें कंक्रीट, सीमेंट या पॉलीयुरेथेन फोम भरने का निर्देश दिया गया है। मनसे नेता ने तंज कसते हुए कहा कि सामान्य समझ रखने वाला कोई भी व्यक्ति जीवित पेड़ों के जख्मों को सीमेंट और कंक्रीट से पाटने की अजीब सलाह नहीं देगा। उन्होंने पूछा कि आखिर वह कौन सा महान विशेषज्ञ है जिसने यह टेंडर तैयार किया है और उद्यान विभाग ने बिना सोचे-समझे इसे मंजूरी कैसे दी? देशपांडे ने बीएमसी की प्रशासनिक लापरवाही उजागर करते हुए बताया कि साल 2024 में एक प्रोफेशनल ट्री-केयर कंपनी ने आधुनिक तकनीक का प्रस्ताव दिया था, जिसके तहत मशीनों द्वारा पेड़ों का डिजिटल स्कैन कर उनकी वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाना था। मुख्यमंत्री ने भी इसे लागू करने की सिफारिश की थी, लेकिन बीएमसी प्रशासन दो साल तक हाथ पर हाथ धरे बैठा रहा। अब साल 2026 में हादसों के बाद प्रशासन ने आनन-फानन में महज 5,000 पेड़ों के सर्वे का छोटा काम उसी कंपनी को सौंपा है। देशपांडे ने कहा कि अगर यह वैज्ञानिक सर्वे दो साल पहले होता, तो कई मासूमों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने चेतावनी दी कि ठेकेदारों के पास आधुनिक मशीनें नहीं हैं और वे केवल साधारण लकड़हारे हैं। मनसे ने बीएमसी के इस भ्रष्टाचार और अवैज्ञानिक रवैये के खिलाफ मुंबईकरों की सुरक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story