मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आधुनिक, सुंदर और सुलभ पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। मुंबई की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से बीएमसी, महाराष्ट्र पर्यटन विकास और मुंबई शहर कलेक्ट्रेट की संयुक्त बैठक बीएमसी मुख्यालय में आयोजित की गई।

बैठक में महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे ने कहा कि शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना बीएमसी की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि मुंबई में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और मुंबईकरों को गुणवत्तापूर्ण नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देना भी नगर निगम का प्रमुख दायित्व है।

अश्विनी भिडे ने बताया कि शहर के सभी दर्शनीय और ऐतिहासिक स्थलों पर स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, मार्गदर्शक साइनबोर्ड, आधुनिक सार्वजनिक शौचालय, शुद्ध पेयजल तथा डिजिटल सूचना प्रणाली जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने महाराष्ट्र पर्यटन विकास (एमटीडीसी) को पर्यटकों के लिए एक समर्पित और प्रामाणिक वेबसाइट विकसित करने का भी सुझाव दिया, ताकि आने वाले यात्रियों को सभी आवश्यक जानकारियां एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर एमटीडीसी के महाप्रबंधक चंद्रशेखर जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और टिकाऊ पर्यटन पहलों को लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुंबई में इको-टूरिज्म और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बीएमसी जैसी स्थानीय निकायों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में मुंबई शहर की जिलाधिकारी आंचल गोयल सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस संयुक्त पहल से मुंबई आने वाले प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित, सुखद और यादगार अनुभव मिलेगा, जिससे शहर के पर्यटन उद्योग को नई दिशा और गति प्राप्त होगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story