तिलक भवन में पुलिस कार्रवाई: वर्षा गायकवाड़ का सरकार पर बड़ा हमला
कांग्रेस कार्यालय से आदिवासी छात्रों को हिरासत में लेने पर वर्षा गायकवाड़ ने गृह मंत्री फडणवीस को घेरा, आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी।

मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान माइक के सामने बोलती कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़।
मुंबई। मुंबई के तिलक भवन स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आधी रात पुलिस के घुसने और वहां सो रहे आदिवासी छात्रों को हिरासत में लेने की घटना के बाद महाराष्ट्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ तिलक भवन पहुंचीं और स्थिति का जायजा लेने के साथ प्रभावित छात्रों का हाल-चाल जाना।
इसके बाद मीडिया से बातचीत में वर्षा गायकवाड़ ने राज्य सरकार और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या महाराष्ट्र में संविधान का कानून चल रहा है या फिर जंगलराज लागू हो चुका है।
वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर मुंबई आए आदिवासी छात्र रात के समय कांग्रेस कार्यालय में विश्राम कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें जबरन नींद से जगाकर हिरासत में ले लिया, जो पूरी तरह से गैरकानूनी है।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जब बीजेपी सरकार ने पुलिस को कांग्रेस दफ्तर में घुसाया है, तो क्या अब उन्हें भी मुख्यमंत्री के सरकारी बंगले 'वर्षा' पर घुसना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि संविधान सभी को शांतिपूर्वक आंदोलन करने का अधिकार देता है, लेकिन सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए बेकसूर छात्रों को निशाना बना रही है और राजनीतिक दफ्तरों को पुलिस छावनी में बदल रही है।
सांसद गायकवाड़ ने कहा कि देश के अपराधी और गुंडे खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन सरकार का पूरा प्रशासन अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों को प्रताड़ित कर रहा है।
उन्होंने पुणे में चल रहे एमपीएससी परीक्षा के छात्रों के आंदोलन का भी समर्थन किया। वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि राज्य का युवा अब बीजेपी सरकार के झूठे वादों पर भरोसा नहीं करता।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी छात्रों और युवाओं के इस संघर्ष में पूरी तरह उनके साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ेगी। तिलक भवन में आधी रात हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर वर्षा गायकवाड़ के इन आरोपों ने सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
