भिक्षु भक्ति संध्या में उमड़ी श्रद्धालुओं की आस्था, 400 से अधिक लोगों ने भक्ति प्रस्तुतियों से बांधा समां
मुंबई के ठाणे माजीवाड़ा में आयोजित भिक्षु भक्ति संध्या में 400 श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। भक्ति गीतों और मुनि मुकुल कुमार के प्रेरक संदेश ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।

ठाणे में आयोजित 'भिक्षु भक्ति संध्या' के दौरान मुनि कुलदीप कुमार और मुनि मुकुल कुमार के समक्ष प्रार्थना मुद्रा में बैठे और खड़े तेरापंथ समाज के श्रद्धालु।
मुंबई में तेरापंथ धर्मसंघ की गौरवशाली परंपरा को समर्पित 'भिक्षु भक्ति संध्या' का आयोजन श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लगभग 400 श्रावक-श्राविकाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भक्ति और श्रद्धा का परिचय दिया।
युग प्रधान आचार्य महाश्रमण के सुशिष्य मुनि कुलदीप कुमार के सानिध्य तथा मुनि मुकुल कुमार के निर्देशन में ठाणे माजीवाड़ा क्षेत्र में आयोजित इस भक्ति संध्या का शुभारंभ मंगलाचरण से हुआ। इसके बाद भक्ति गीतों, स्तवनों, प्रेरक प्रस्तुतियों और भावपूर्ण संगीत ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। संपूर्ण वातावरण भिक्षु-भक्ति के मधुर स्वरों से गुंजायमान हो उठा।
इस अवसर पर मुनि मुकुल कुमार ने आचार्य भिक्षु के त्याग, तप, अनुशासन, समता और धर्मनिष्ठ जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु के प्रति श्रद्धा और धर्म के प्रति समर्पण ही जीवन को सही दिशा प्रदान करता है।
कार्यक्रम में तेरापंथी सभा अध्यक्ष नरेश बाफना, मंत्री राजू बाफना, धीरज बोहरा, वीणा सेठिया, मिनाक्षी श्रीश्रीमाल, रेखा बाफना, प्रमिला सूर्या, मीना दुगड़, प्रीति आंचलिया, पार्थ दुगड़, जीविका साबत्रा, लविशा दुगड़ और विमल गादिया सहित अन्य प्रतिभागियों ने अपने सुमधुर भक्ति गीतों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन विमल गादिया ने किया।
भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक संदेशों से परिपूर्ण इस आयोजन ने तेरापंथ धर्मसंघ की गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा और समर्पण की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए इसे यादगार बना दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
