साकीनाका की खैरानी रोड पर भीषण आग से मचा हड़कंप, 4 लोग 40 से 50% तक झुलसे
मुंबई के साकीनाका स्थित खैरानी रोड के अब्दुल रशीद कंपाउंड में भीषण आग से 20 से 25 रिहायशी और व्यावसायिक दुकानें प्रभावित हुईं। हादसे में चार लोग 40 से 50 प्रतिशत तक झुलसे। दमकल विभाग ने लेवल-2 की आग घोषित कर राहत कार्य शुरू किया।

मुंबई। मुंबई के अंधेरी पूर्व स्थित साकीनाका इलाके में मंगलवार शाम खैरानी रोड पर अब्दुल रशीद कंपाउंड में भीषण आग लग गई। आग ने ग्राउंड फ्लोर और ग्राउंड प्लस वन यानी एक मंजिला बनी करीब 20 से 25 रिहायशी और व्यावसायिक दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों के साथ उठते धुएं के गुबार से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में चार लोग झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए राजावाडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायल 40 से 50 प्रतिशत तक झुलसे हैं।
मुंबई फायर ब्रिगेड के नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना शाम 6:18 बजे मिली। आग की तीव्रता और उसके फैलाव को देखते हुए दमकल विभाग ने शाम 6:37 बजे इसे ‘लेवल-2’ की गंभीर श्रेणी की आग घोषित कर दिया। इसके बाद राहत और बचाव कार्य के लिए दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित 8 फायर इंजन, 6 जंबो टैंकर, क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल, एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन गाड़ियों को घटनास्थल पर रवाना किया गया।
आग की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस, बेस्ट बिजली विभाग के कर्मचारी और बीएमसी के वार्ड स्टाफ ने भी मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। दमकलकर्मियों और राहत दलों ने आग को आसपास के घनी आबादी वाले इलाकों तक फैलने से रोकने के लिए मशक्कत शुरू की और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
राजावाडी अस्पताल के संबंधित चिकित्सा अधिकारी से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में चार लोग आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
आग बुझाने के बाद दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। खैरानी रोड स्थित अब्दुल रशीद कंपाउंड में आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है। रिहायशी और व्यावसायिक परिसरों में आग से हुए इस हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

