मुंबई बारिश का कहर: चेंबूर में 35 फीट बैरिकेड गिरा, एंटॉप हिल में भूस्खलन से महिला घायल
मुंबई में भारी बारिश के बीच चेंबूर में 35 फीट बैरिकेड गिरा और एंटॉप हिल में भूस्खलन से महिला घायल हुई।

मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं ने शहर में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार तड़के चेंबूर के कलेक्टर कॉलोनी स्थित बृहन्मुंबई महानगरपालिका स्कूल के पास निर्माणाधीन इमारत के दौरान लगाया गया करीब 35 फीट ऊंचा लोहे का संरक्षक बैरिकेड तेज हवा के कारण अचानक ढह गया। हादसा सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुआ, उस समय स्कूल परिसर पूरी तरह खाली था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस दुर्घटना में स्कूल के सामने बनी लगभग 30 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बीएमसी ने जानकारी दी कि घटना में किसी भी प्रकार की जीवितहानि या चोट नहीं आई है। हादसे की सूचना मिलते ही बीएमसी के विभागीय कर्मचारी और डेवलपर के मजदूर मौके पर पहुंच गए।
एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में चेतावनी और खतरे के बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही बिल्डर के प्रोजेक्ट इंजीनियरों को असुरक्षित बैरिकेड्स को तत्काल हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को सलाह दी है कि बैरिकेड्स पूरी तरह हटने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित होने तक स्कूल को अस्थायी रूप से बंद रखा जाए।
मुंबई में बारिश के कारण अन्य इलाकों में भी दुर्घटनाएं सामने आई हैं। एंटॉप हिल इलाके के रावड़ी कैंप, इंदिरानगर झुग्गी-झोपड़ी और हनुमान पहाड़ी क्षेत्र में बुधवार तड़के अचानक भूस्खलन की घटना हुई। इस दौरान पहाड़ी का एक हिस्सा और पेड़ पास के मकान पर गिर गया, जिससे अनीता (25) नामक महिला मामूली रूप से घायल हो गईं।
अनीता को तुरंत इलाज के लिए सायन अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके अलावा, विलेपार्ले पूर्व स्थित मिलन सबवे के पास चलती रैपिडो मोटरसाइकिल पर पेड़ गिरने की घटना भी सामने आई। इस हादसे में नीलम गुप्ता (36) घायल हो गईं, जिन्हें बांद्रा के भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
बीएमसी प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
