मुंबई में लगातार पांच दिनों की मूसलाधार बारिश के बीच बीएमसी का पूरा अमला 24 घंटे मैदान में डटा है। कमिश्नर अश्विनी भिडे ने अधिकारियों को अहम निर्देश दिए।

मुंबई में पिछले पांच दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। बादलों के लगातार कहर के बीच मुंबईकरों की जिंदगी को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का पूरा प्रशासनिक अमला युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। भारी बारिश और जलभराव जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बीएमसी के विभिन्न विभागों के हजारों अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात जमीनी स्तर पर तैनात रहकर राहत एवं व्यवस्थाओं को बनाए रखने में जुटे हैं।

मुंबई की रफ्तार को थामे रखने के लिए चौबीसों घंटे बिना रुके काम कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा पर बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिडे ने गहरा संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि इतनी भारी बारिश और कठिन परिस्थितियों में भी बीएमसी के सभी विंग्स आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से काम कर रहे हैं।

कमिश्नर अश्विनी भिडे ने बताया कि आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए मुंबई अग्निशमन दल, ड्रेनेज और वर्षा जल वाहिनी विभाग, सड़क एवं यातायात विभाग, उद्यान विभाग, सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग तथा ठोस कचरा प्रबंधन विभाग के कर्मचारी अहोरात्र मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले कुछ दिन मौसम के लिहाज से मुंबई के लिए बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में सभी ऑन-फील्ड एजेंसियों को और अधिक सतर्कता तथा पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करना होगा।

प्रशासन ने मैदानी स्तर पर कार्यरत इंजीनियरों और कर्मचारियों के लिए विशेष निर्देश भी जारी किए हैं। इसके तहत जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों से पानी की शीघ्र निकासी सुनिश्चित करने, हाई-स्पीड पंपों को लगातार चालू रखने, सड़कों की निरंतर सफाई करने, गिरने वाले पेड़ों की शाखाओं को तत्काल हटाने तथा मैनहोल और नालों में कचरा फंसने से रोकने के कार्य पर विशेष जोर दिया गया है।

इसके साथ ही बीएमसी कमिश्नर ने ड्यूटी पर तैनात सभी फ्रंटलाइन वर्कर्स से अपील की है कि वे जनता की सेवा के दौरान अपनी सुरक्षा और स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखें। मानसून के दौरान फैलने वाली लेप्टोस्पायरोसिस जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए बीएमसी ने सभी ऑन-फील्ड कर्मचारियों को एहतियातन 'डॉक्सीसायक्लिन 200 मिग्रा' दवा लेने की सलाह दी है। यह दवा बीएमसी की सभी डिस्पेंसरी और औषधालयों में निशुल्क उपलब्ध कराई गई है। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच प्रशासनिक अमले की चौबीसों घंटे जारी यह मुस्तैदी मुंबई में जनजीवन को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story