मुंबई। दहिसर वेस्ट स्थित ‘मुंबई पब्लिक स्कूल’ के खेल परिसर में बीएमसी द्वारा बिना अनुमति 14 फीट गहरा गड्ढा खोदे जाने का मामला सामने आया है। गणेशोत्सव के दौरान मूर्तियों के विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब बनाने के नाम पर की गई इस खुदाई से स्कूल में पढ़ने वाले करीब 2,500 छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

मामले को लेकर बीएमसी की शिक्षा समिति की बैठक में जोरदार हंगामा हुआ। शिक्षा समिति के सदस्य प्रियंक राउत ने बीएमसी प्रशासन से सवाल किया कि स्कूल से महज 300 मीटर की दूरी पर पहले से प्राकृतिक तालाब मौजूद होने के बावजूद बच्चों के खेलने वाले मैदान में 14 फीट गहरा गड्ढा क्यों खोदा गया।

प्रियंक राउत ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन से पूर्व अनुमति या जानकारी लिए बिना यह काम किया गया। उन्होंने कहा कि 12 दिनों के उत्सव के दौरान इस कृत्रिम तालाब में महज 100 मूर्तियों का विसर्जन हुआ, ऐसे में हजारों बच्चों की सुरक्षा को दांव पर लगाना पूरी तरह गलत है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएमसी के उपायुक्त प्रशांत सपकाले ने माना कि स्कूल परिसर के करीब इस तरह का गड्ढा बनाना गलत है। उन्होंने संबंधित सहायक आयुक्त से पूरे मामले की जांच कराकर रिपोर्ट मांगने का आश्वासन दिया।

वहीं, शिक्षा समिति की अध्यक्षा राजश्री शिरवाडकर ने स्पष्ट किया कि जब तक बीएमसी प्रशासन इस पूरे मामले पर संतोषजनक जवाब पेश नहीं करता, तब तक मुद्दे को लंबित रखा जाएगा। स्कूल परिसर में खोदे गए 14 फीट गहरे गड्ढे को लेकर प्रशासनिक अनुमति, सुरक्षा और उपयोगिता के सवाल अब शिक्षा समिति के समक्ष जांच के दायरे में हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story