मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क इलाके में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों को पुलिस वैन के भीतर कथित तौर पर झूठे ड्रग्स केस में फंसाकर उनका करियर बर्बाद करने की धमकी देने का मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गंभीर मुद्दा बन गया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर दबाव बढ़ा, जिसके बाद मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही आरोपी पुलिसकर्मी को ड्यूटी रोस्टर से हटाकर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान पवन सांगले के रूप में हुई है। वह मुंबई पुलिस के मोटर ट्रांसपोर्ट विभाग में चालक है और फिलहाल सायन पुलिस स्टेशन से संबद्ध था। पूरा घटनाक्रम बुधवार का है, जब शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में आंदोलन कर रहे कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर पुलिस वैन से ले जाया जा रहा था। इसी दौरान एक छात्र ने वैन के भीतर का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी पवन सांगले कथित तौर पर छात्रों से यह कहते हुए स्पष्ट सुनाई दे रहा है कि यदि वे दोबारा प्रदर्शन में दिखाई दिए तो उनकी जेब में 50 ग्राम नशीला पाउडर डालकर ऐसा मामला बनाया जाएगा कि उन्हें कभी जमानत नहीं मिलेगी और उनका जीवन पूरी तरह तबाह हो जाएगा।

वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी), मनसे और एनसीपी (शरद पवार गुट) के नेताओं ने घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, नसीम खान और भाई जगताप सहित वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते और मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्ष तरीके से ड्यूटी निभाने के बजाय सरकार के एजेंट की तरह काम कर रही है। वहीं शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने भी इस कथित धमकी को लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने सवाल उठाया कि क्या पुलिस और एजेंसियां इसी प्रकार निर्दोष लोगों को फर्जी मामलों में फंसाती रही हैं।

मामले के तूल पकड़ने के बाद मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा जांच के आदेश दिए जाने और आरोपी पुलिसकर्मी को ड्यूटी रोस्टर से हटाकर विभागीय कार्रवाई शुरू किए जाने के बावजूद इस पूरे घटनाक्रम ने मुंबई पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story