मुंबई में मानसून पूर्व नालेसफाई को लेकर सत्तारूढ़ महायुति के भीतर राजनीतिक खींचतान खुलकर सामने आ गई है। शिवसेना (शिंदे गुट) के उपमहापौर संजय घाडी ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर करते हुए भाजपा पर उन्हें नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। नालेसफाई और सड़क कार्यों के निरीक्षण को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब सत्ता पक्ष के भीतर तालमेल की कमी को उजागर करने लगा है।

उपमहापौर संजय घाडी का आरोप है कि महापौर रितू तावडे शहर के विभिन्न हिस्सों में नालेसफाई और सड़क कार्यों का निरीक्षण दौरा कर रही हैं, लेकिन उन्हें इन दौरों की जानकारी तक नहीं दी जाती। घाडी ने स्पष्ट कहा कि निमंत्रण नहीं मिलने के कारण वे महापौर के साथ निरीक्षण दौरों में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। उनके इस बयान के बाद महायुति के दो प्रमुख दलों भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) के बीच समन्वय को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

विवाद उस समय और गहरा गया जब उपमहापौर की नाराजगी सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गई। मानसून से पहले मुंबई में नालेसफाई का काम प्रशासन की प्राथमिकता माना जा रहा है, लेकिन इसी मुद्दे पर सत्ता पक्ष के भीतर मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं।

इस पूरे घटनाक्रम पर महापौर रितू तावडे ने भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य लक्ष्य 31 मई तक नालेसफाई का काम पूरा करना है और इस समय मान-अपमान जैसे मुद्दों को किनारे रखकर काम पर ध्यान देना जरूरी है। महापौर ने कहा कि यदि सभी बड़े नेता एक ही स्थान पर निरीक्षण करेंगे तो शहर के अन्य हिस्सों में चल रहे कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन नहीं हो पाएगा। इसलिए सभी जनप्रतिनिधियों का अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर निगरानी करना अधिक प्रभावी रहेगा।

इसी बीच भाजपा ने शुक्रवार को पश्चिम उपनगरों में विशाल निरीक्षण दौरे की घोषणा की है। इस दौरे में मंत्री आशीष शेलार और मंगल प्रभात लोढ़ा सहित कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है। राजनीतिक हलकों में अब इस बात पर नजर है कि मानसून पूर्व तैयारियों के बीच महायुति के भीतर उभरा यह मतभेद प्रशासनिक कामकाज और नालेसफाई अभियान पर कितना असर डालता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story