मुंबई में नववर्ष पर आयोजित हुआ वृहद मंगल पाठ, मुनिश्री कुलदीप और मुकुल ने दिए संदेश
मुनिश्री कुलदीप कुमार और मुनिश्री मुकुल कुमार के सान्निध्य में हुए कार्यक्रम में 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

मुंबई में नववर्ष के शुभारंभ पर आयोजित कार्यक्रम में प्रवचन देते मुनिश्री कुलदीप कुमार।
मुंबई में नववर्ष के शुभारंभ पर आयोजित वृहद मंगल पाठ एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम ‘नव वर्ष में नव ऊर्जा का शंखनाद’ में धर्म, जीवन प्रबंधन और मंत्र साधना के संदेशों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक जीवनशैली की प्रेरणा दी। मुनिश्री कुलदीप कुमार और मुनिश्री मुकुल कुमार के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर आध्यात्मिक प्रवचनों और मंगल पाठ का लाभ लिया।
कार्यक्रम में मुनिश्री कुलदीप कुमार ने जीवन की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन केवल जीने का नाम नहीं है, बल्कि उसे सही दृष्टिकोण, संयम और सद्विचारों के साथ सार्थक बनाने का अवसर है। व्यक्ति को अपने जीवन में आत्मचिंतन, विवेक और सकारात्मक सोच को स्थान देना चाहिए। परिस्थितियों के बीच संतुलन बनाए रखते हुए निर्धारित लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना ही जीवन की वास्तविक सफलता है।
वहीं, मुनिश्री मुकुल कुमार ने मंत्रों की आध्यात्मिक शक्ति और उनकी महत्ता समझाते हुए कहा कि मंत्र केवल शब्दों का समूह नहीं, बल्कि आस्था, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रभावशाली माध्यम हैं। नियमित मंत्र-जाप, श्रद्धा और भावनात्मक एकाग्रता के जरिए व्यक्ति जीवन के विघ्नों और बाधाओं का सामना करने की आंतरिक शक्ति विकसित कर सकता है। मंत्र साधना मन को शांत करने, विचारों को निर्मल बनाने और आत्मविश्वास मजबूत करने में सहायक होती है।
इस अवसर पर सभा अध्यक्ष नरेश बाफना ने अपने विचार व्यक्त करते हुए आध्यात्मिक आयोजनों की महत्ता बताई। उन्होंने समाज में धर्म, संस्कार और जागरूकता के प्रसार पर बल दिया। अणुव्रत महासमिति से जुड़े मुंबई अणुव्रत समिति के अध्यक्ष रमेश सोनी ने भी विचार रखे। उन्होंने अणुव्रत के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने और नैतिक मूल्यों के अनुरूप जीवन जीने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में पांच सौ से अधिक श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आध्यात्मिक प्रवचनों का लाभ लिया। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन सभा के मंत्री राजू बापना ने किया।
नववर्ष के शुभारंभ पर मुनिश्री के सान्निध्य में भव्य एवं मंगलकारी वृहद मंगल पाठ का आयोजन भी हुआ। श्रद्धालुओं ने इसमें सहभागिता कर नववर्ष की शुरुआत आध्यात्मिक मंगलकामनाओं, शुभ संकल्पों और धर्माराधना के साथ की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पंकज नौलखा, राजेश भटेवरा, संदीप रांका, कमलेश दुग्गड, पुनीत ओस्तवाल, पंकज बाफना, चिराग मांडोत, हर्ष सिंघवी और अर्पण नौलखा का विशेष सहयोग रहा। वहीं, महिला मंडल से स्वीटी छाजेड़, प्रमीला सिंघवी, सुनीता बाफना, कल्पना चंडालिया, सीमा बाबेल, सुखिया मांडोत और नूतन दुग्गड ने भी आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस आयोजन के माध्यम से नववर्ष के अवसर पर श्रद्धालुओं को जीवन की सार्थकता, नैतिक मूल्यों और मंत्र साधना के महत्व का संदेश दिया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
