मुंबई में बढ़ते शहरी विकास, जनसंख्या घनत्व और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों के बीच महापौर रितू राजेश तावडे ने पर्यावरणीय समस्याओं से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक उपाय अपनाने पर जोर दिया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संस्था 'सी-40 सिटीज' से मुंबई के भविष्य के नियोजन में सक्रिय भागीदारी निभाने और शहर की जरूरतों के अनुरूप प्रभावी तकनीकी समाधान उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

सोमवार, 16 नवंबर 2026 को 'सी-40 सिटीज' के कार्यकारी निदेशक मार्क वॉट्स ने महापौर रितू तावडे से मुलाकात की। इस दौरान मार्क वॉट्स ने उन्हें 'सी-40 सिटीज' की संचालन समिति में उपाध्यक्ष का पद संभालने और दक्षिण तथा पश्चिम एशिया का नेतृत्व करने का निमंत्रण दिया।

बैठक में महापौर ने मुंबई के सामने मौजूद प्रमुख पर्यावरणीय चुनौतियों पर चिंता जताई। उन्होंने विशेष रूप से 'एल नीनो' के संभावित प्रभाव, वायु प्रदूषण और बढ़ती गर्मी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मुंबई में बड़े पैमाने पर चल रहे बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों के कारण निर्माण मलबे का प्रबंधन और मौजूदा बुनियादी सुविधाओं पर बढ़ता दबाव गंभीर विषय बन गया है।

महापौर ने पुनर्विकास के बाद गगनचुंबी इमारतों में बढ़ती परिवारों की संख्या और जनसंख्या घनत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि 'सी-40 सिटीज' जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्था को इस संबंध में विस्तृत सर्वेक्षण करना चाहिए और व्यावहारिक समाधान सुझाने चाहिए।

उन्होंने बताया कि मुंबई में 2,200 किलोमीटर लंबी सीमेंट कंक्रीट की सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में वर्षा जल संचयन और ऊंची इमारतों के भूमिगत पार्किंग क्षेत्रों में पानी की निकासी के लिए आधुनिक तकनीकी उपाय अपनाना जरूरी है।

इस अवसर पर 'सी-40 सिटीज' के कार्यकारी निदेशक मार्क वॉट्स ने बताया कि संस्था ने अहमदाबाद में हीटवेव की पूर्व चेतावनी देने वाली आधुनिक तकनीक सफलतापूर्वक लागू की है। उन्होंने महापौर से आग्रह किया कि वे 'एल नीनो' के संदर्भ में मुंबई की स्थिति को 'सी-40 सिटीज' के वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करें। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि संस्था मुंबई की आवश्यकताओं के अनुरूप उन्नत तकनीक लागू करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

बैठक में बीएमसी के उपायुक्त अविनाश काटे, 'सी-40 सिटीज' की प्रबंध निदेशक श्रुति नारायण और क्षेत्रीय निदेशक नाइक केरूवाला भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि 'सी-40 सिटीज' दुनिया के करीब 100 अग्रणी शहरों का वैश्विक नेटवर्क है। यह संस्था जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वैज्ञानिक और जन-केंद्रित कदम उठाने के साथ ही अर्बन-20 जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर शहरों की आवाज उठाने का कार्य करती है। मुंबई में बढ़ते निर्माण कार्यों, पर्यावरणीय दबाव और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के मद्देनजर इस बैठक में आधुनिक तकनीक, विस्तृत सर्वेक्षण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता प्रमुखता से सामने आई।

Next Story