बीएमसी मुख्यालय में सियासी बवाल: महापौर रितू तावडे के केबिन में घुसने पर किशोरी पेडणेकर के खिलाफ FIR की तैयारी
बीएमसी मुख्यालय में महापौर रितू तावडे ने किशोरी पेडणेकर पर केबिन में जबरन घुसने और वीडियो बनाने का आरोप लगाया। अब पुलिस कार्रवाई की तैयारी तेज है।

मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में साकीनाका मॅनहोल हादसे के बाद सियासी टकराव तेज हो गया है। मुंबई की महापौर रितू तावडे ने विरोधी दल की नेता किशोरी पेडणेकर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने का निर्णय लिया है। महापौर का आरोप है कि शुक्रवार, 3 जुलाई 2026 को दोपहर करीब पौने चार बजे उनकी अनुपस्थिति का लाभ उठाकर किशोरी पेडणेकर बिना किसी पूर्व अनुमति के सीधे महापौर के अत्यंत संवेदनशील और सुरक्षित निजी केबिन में जबरन प्रवेश कर गईं।
महापौर रितू तावडे ने इस घटना को बेहद आपत्तिजनक बताते हुए बीएमसी के इतिहास का एक काला अध्याय करार दिया है। उन्होंने इसे सीधे तौर पर ‘मिसकंडक्ट’ और प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक बताया। उनके अनुसार महापौर का केबिन अत्यंत गोपनीय होता है, जहां शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैठकों के मिनट्स और अन्य संवेदनशील कागजात तैयार किए जाते हैं।
महापौर ने आरोप लगाया कि केबिन में मौजूद महिला और पुरुष कर्मचारियों पर धौंस जमाते हुए किशोरी पेडणेकर ने अपने साथ आए एक व्यक्ति को मोबाइल फोन देकर पूरे सरकारी केबिन का वीडियो बनवाया और वहां की ‘रेकी’ करवाई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कर्मचारियों को डरा-धमकाकर कुछ बेहद गोपनीय और संवेदनशील दस्तावेज भी अपने पास मंगवाए गए।
इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर मानते हुए महापौर ने आजाद मैदान पुलिस स्टेशन के पुलिस उपायुक्त और पुलिस निरीक्षक को पत्र लिखकर किशोरी पेडणेकर के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है।
प्रसारमाध्यमों से बातचीत के दौरान महापौर रितू तावडे ने शिवसेना (यूबीटी) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ‘झूठ बोलो और सीनाजोरी करो’ की रणनीति अब मुंबई में नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि मानसून पूर्व नाला सफाई को लेकर बीएमसी सदन रात के बारह-बारह बजे तक चला है और पूरा प्रशासनिक अमला लगातार जमीनी स्तर पर काम कर रहा है।
महापौर ने साकीनाका मॅनहोल हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि जब यह दुखद घटना हुई, तब वे अपने परिवार से मिलने पनवेल गई हुई थीं। लौटने के तुरंत बाद उन्होंने मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता मंजूर की तथा पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट तीन से चार दिनों में प्राप्त हो जाएगी।
रितू तावडे ने किशोरी पेडणेकर और उनके दल के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें वातानुकूलित कमरों और घरों से बाहर निकलकर जमीनी हकीकत देखनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके कार्यकाल का इतिहास खंगाला गया तो ‘खिचड़ी घोटाले’ जैसी कई परतें सामने आएंगी।
महापौर ने बताया कि वर्तमान में बीएमसी हेल्पलाइन 196 पर लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों पर प्रत्येक वार्ड अधिकारी सक्रिय है और सभी वार्डों में मॅनहोल के ढक्कनों का सेफ्टी ऑडिट युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। इसी बीच महापौर द्वारा किशोरी पेडणेकर के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की तैयारी ने बीएमसी मुख्यालय में शुरू हुए इस सियासी विवाद को और अधिक तीखा बना दिया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
