महापौर ने 31 मई तक नालों से गाद निकालने का अल्टीमेटम दिया और सड़क निर्माण के दौरान पेड़ों की जड़ों के संरक्षण के कड़े निर्देश जारी किए।

मानसून के आगमन से पहले मुंबई को जलजमाव की समस्या से बचाने के उद्देश्य से महानगरपालिका प्रशासन ने नालों की सफाई और अवसंरचना कार्यों में तेजी ला दी है। इसी क्रम में मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने गुरुवार को पश्चिम उपनगरों का तूफानी दौरा कर नाला सफाई एवं सड़क विकास कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी नालों से गाद निकालने का कार्य हर हाल में 31 मई 2026 तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य की गति बढ़ाई जाए, लेकिन गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

महापौर ने मालाड के रामचंद्र नाला, गोरेगांव में ओशिवारा नदी, जुहू के इर्ला नाला तथा खार स्थित गजधरबांध पंपिंग स्टेशन के पास एसएनडीटी नाले का निरीक्षण किया। जुहू में निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद किया तथा इर्ला नाले की ढही हुई सुरक्षा दीवार को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि मॉर्निंग वॉक और साइकिलिंग करने वाले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

खार पंपिंग स्टेशन पर महापौर ने कचरा अलग करने वाली ‘ट्रैश बूम’ प्रणाली और फ्लड कंट्रोल गेट की कार्यप्रणाली की तकनीकी जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों का भी बारीकी से निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि सीमेंट कंक्रीट की सड़कों के निर्माण के दौरान किनारे स्थित पेड़ों की जड़ों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा उनके चारों ओर मिट्टी की परत चढ़ाकर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए।

मालाड स्थित महाराणा प्रताप मैदान के दौरे पर पूर्व नगरसेविका जया तिवाना ने मैदान के विकास की जानकारी दी, जिसकी महापौर ने सराहना की। इस निरीक्षण दौरे में ‘पी पूर्व’ एवं ‘पी पश्चिम’ विभाग समिति के अध्यक्ष हैदर अली असलम शेख, ‘के पश्चिम’ प्रभाग समिति अध्यक्ष रोहन राठौड़, नगरसेवक दीपक कोतेकर तथा नगरसेवक चिंतामणी निवाटे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

महापौर ने यह भी चेतावनी दी कि वह इन सभी स्थलों का शीघ्र ही दोबारा औचक निरीक्षण करेंगी, जिससे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर निरंतर निगरानी बनी रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story