मुंबई के मानखुर्द क्षेत्र में सोमवार सुबह सायन-पनवेल हाईवे पर विश्वकर्मा अस्पताल के सामने बेस्ट उपक्रम की रूट नंबर 501 बस डिवाइडर से टकरा गई। सुबह करीब 9 बजकर 14 मिनट पर हुए इस दर्दनाक हादसे में सड़क किनारे खड़े 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बस चालक, कंडक्टर समेत सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस क्षतिग्रस्त हो गई और उसके भीतर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सड़क किनारे मौजूद राहगीर भी इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।

राजावाड़ी अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, सड़क किनारे खड़े 65 वर्षीय भास्कर रावसाहेब पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसी अस्पताल में बेस्ट बस चालक बनवारी श्रीराम प्रसाद शर्मा (51 वर्ष) और कंडक्टर वैभव वाघमारे (41 वर्ष) का उपचार चल रहा है। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि इलाज के बाद उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है।

हादसे में घायल अन्य पांच लोगों को गोवंडी स्थित शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें शिवमंगल माइती (42 वर्ष), गणेश पटेल (24 वर्ष), लता वाघेला (43 वर्ष), राजेश वरुगामिना (35 वर्ष) और 22 वर्षीय अंकिता जाधव शामिल हैं। शताब्दी अस्पताल के ऑन-ड्यूटी मेडिकल अफसर के मुताबिक, सभी घायलों का कैजुअल्टी वार्ड में आपातकालीन स्तर पर उपचार जारी है और चिकित्सक लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

दुर्घटना के बाद सायन-पनवेल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू कराया। शुरुआती जांच में बस के अनियंत्रित होने के पीछे ब्रेक फेल होने या चालक के नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या मानवीय लापरवाही इसकी वजह बनी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story