मुंबई के सायन-पनवेल हाईवे पर सोमवार सुबह हुए बेस्ट बस के भीषण हादसे और उसमें एक बुजुर्ग की मौत का मामला मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की विशेष सभा में जोरदार ढंग से उठा। हादसे के तुरंत बाद बुलाई गई सभा में वॉर्ड क्रमांक 142 की नगरसेविका अपेक्षा खांडेकर ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए बीएमसी और बेस्ट प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया। अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझ रहे घायलों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने सभी पीड़ितों के लिए तत्काल आर्थिक मुआवजे की मांग की और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया।

हादसा सोमवार सुबह मानखुर्द में विश्वकर्मा अस्पताल के सामने हुआ, जब बेस्ट की रूट नंबर 501 की बस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में सड़क किनारे खड़े 65 वर्षीय भास्कर रावसाहेब पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस चालक बनवारी शर्मा और कंडक्टर वैभव वाघमारे सहित पांच अन्य यात्री शिवमंगल माइती, गणेश पटेल, लता वाघेला, राजेश वरुगामिना और अंकिता जाधव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का राजावाड़ी और शताब्दी अस्पताल में उपचार जारी है। घायलों में परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य, बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं।

विशेष सभा के दौरान नगरसेविका अपेक्षा खांडेकर ने मांग की कि ठेके पर कार्यरत बस चालक के नशे में होने और उसकी कथित लापरवाही की गहराई से जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि इस हादसे की निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

सदन में प्रशासनिक लापरवाही का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह पहले से ही एक कुख्यात 'ब्लैक स्पॉट' के रूप में चिन्हित है, जहां पूर्व में भी कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद वहां अवैध निर्माण और अनियंत्रित पार्किंग पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

नगरसेविका ने आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद सामाजिक कार्यकर्ता विकी मानडे लगातार दो घंटे तक 108 एम्बुलेंस सेवा को फोन करते रहे, लेकिन मौके पर एक भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान पुलिस प्रशासन भी मूकदर्शक बना रहा।

सभा के दौरान अपेक्षा खांडेकर ने कड़े शब्दों में सवाल किया कि क्या मानखुर्द के एम-ईस्ट वॉर्ड को जानबूझकर उपेक्षित छोड़ दिया गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मानखुर्द के नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story