मुंबई के मालाड में दहीहांडी के दौरान खंभा गिरा, 7 साल के बच्चे की मौत
मालाड के मालवणी में दहीहांडी बांधने के लिए रस्सी खिंचने से ईंटों का खंभा ढह गया, जिससे सिर में चोट लगने के कारण मासूम ने दम तोड़ दिया।

मुंबई। मुंबई के मालाड पश्चिम स्थित मालवणी इलाके में दहीहांडी उत्सव के दौरान दर्दनाक हादसे में 7 साल के मासूम रुंद्र कदम की मौत हो गई। दहीहांडी फोड़ने के दौरान रस्सी के खिंचाव से ईंटों का एक कमजोर खंभा अचानक ढह गया और उसकी चपेट में आने से बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगी।
यह हादसा 5 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजे मालवणी के चीकूवाड़ी स्थित एकता वेलफेयर सोसायटी परिसर में हुआ। यहां स्थानीय बच्चे छोटे स्तर पर मिलकर दहीहांडी का त्योहार मना रहे थे। दहीहांडी बांधने के लिए बच्चों ने दोरी का एक सिरा पास के पेड़ से और दूसरा सिरा निचली मंजिल पर बने ईंटों के एक खंभे से बांध दिया था।
बच्चे जब दहीहांडी फोड़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी रस्सी के खिंचाव के कारण ईंटों का वह कमजोर खंभा अचानक गिर पड़ा। खंभा गिरते ही पास में खड़ा 7 साल का रुंद्र कदम उसकी चपेट में आ गया। उसके सिर पर बेहद गंभीर चोट आई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग रुंद्र कदम को इलाज के लिए पास के मालवणी जनरल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर से पूरे इलाके में मातम पसर गया और दहीहांडी उत्सव का माहौल गम में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही बीएमसी वार्ड के कर्मचारी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने लोगों से त्योहार मनाते समय सुरक्षा का पूरा ध्यान रखने की अपील की है। दहीहांडी उत्सव के दौरान हुई इस घटना ने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
