मुंबई में 22 जुलाई को लगेगा 'छत्रपती शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर', एक छत के नीचे मिलेंगी सरकारी सेवाएं
मुंबई में 22 जुलाई को आयोजित 'छत्रपती शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर' में एक ही स्थान पर केंद्र, राज्य सरकार और बीएमसी की कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध होंगी।

मुंबई शहर जिले के नागरिकों के लिए बुधवार, 22 जुलाई 2026 को एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल के तहत 'छत्रपती शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर' का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिवस तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार की जयंती के विशेष अवसर पर आयोजित इस अभियान के अंतर्गत सुबह 11 बजे से सायन-कोलीवाड़ा, माहिम और मालाबार हिल विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाना और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। इस विशेष शिविर में राजस्व विभाग की विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ केंद्र सरकार, राज्य सरकार और बीएमसी द्वारा संचालित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों को एक ही छत के नीचे मिलेगा। इसके अलावा महाराष्ट्र लोक सेवा अधिकार अधिनियम के तहत उपलब्ध नागरिक सेवाएं भी शिविर में तत्काल प्रदान की जाएंगी, जिससे लोगों के समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।
शिविर के दौरान बीएमसी के माध्यम से जारी किए जाने वाले जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र तथा विभिन्न प्रकार के आवश्यक सरकारी दाखिले मौके पर ही तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही नए मतदाताओं का पंजीकरण, संजय गांधी निराधार अनुदान योजना, श्रावणबाल सेवा राज्य पेंशन योजना, राशन कार्ड से संबंधित कार्य, खेल विभाग की योजनाएं तथा मत्स्य पालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सुविधाओं का लाभ भी नागरिकों को उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार सायन-कोलीवाड़ा क्षेत्र में सरदार नगर स्थित बीएमसी स्कूल के सामने समाज मंदिर हॉल नंबर 1, माहिम क्षेत्र में प्रभादेवी के सयानी मार्ग स्थित रवींद्र नाट्य मंदिर तथा मालाबार हिल क्षेत्र में गावदेवी के गोरेगांवकर मार्ग स्थित शारदा मंदिर हाई स्कूल के भूतल को शिविर स्थल बनाया गया है।
जिला प्रशासन ने मुंबई शहर के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित शिविर स्थलों पर पहुंचकर सरकार की इस जनहितैषी पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और विभिन्न योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का एक ही स्थान पर लाभ प्राप्त करें।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
