मुंबई के कुर्ला पश्चिम में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय स्कूटी सवार युवक की जान चली गई। बुद्ध कॉलोनी इलाके में बेस्ट बस को ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान स्कूटी आगे चल रहे टेम्पो से टकरा गई। टक्कर के बाद युवक का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर गिरकर बेस्ट बस की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रातःकाल संवाददाता

मुंबई। घटना मंगलवार, 24 नवंबर 2026 की सुबह लगभग 7:10 बजे कुर्ला (पश्चिम) स्थित बुद्ध कॉलोनी इलाके की है। मृतक की पहचान अजय गुणवंत पाटिल के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद उसे गंभीर हालत में राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वांद्रे टर्मिनस (पूर्व) से कुर्ला बस स्टैंड (पश्चिम) मार्ग पर चलने वाली बेस्ट बस क्रमांक 7838 बुद्ध कॉलोनी क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान अजय पाटिल अपनी स्कूटी क्रमांक MH 47 BC 2174 से वहां से जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह बस को दाहिनी ओर से ओवरटेक कर आगे निकलने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसकी स्कूटी बस के आगे चल रहे एक टेम्पो से टकरा गई।

टक्कर इतनी गंभीर थी कि अजय पाटिल स्कूटी से संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद वह बेस्ट बस के आगे और पीछे के पहियों के बीच आ गया। बस के दाहिनी तरफ पिछले एक्सल के पास उसके सिर में गंभीर चोट लगी। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटनाग्रस्त बेस्ट बस धारावी डिपो की थी और इसका संचालन मातेश्वरी कंपनी द्वारा किया जा रहा था। सुबह के व्यस्त समय में हुई इस दुर्घटना से बुद्ध कॉलोनी इलाके में शोक का माहौल है। ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान हुई इस टक्कर ने एक 25 वर्षीय युवक की जान ले ली।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story