मुंबई। मुंबई के कुर्ला पश्चिम इलाके में मंगलवार सुबह 12 मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। कोहिनूर एचडीआईएल इमारत के इलेक्ट्रिक डक्ट की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी। देखते ही देखते इमारत में धुआं फैल गया और रहवासियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में पांच साल के बच्चे सहित कुल नौ लोग घायल हो गए, जिन्हें घाटकोपर के राजावाडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6:45 बजे कुर्ला पश्चिम स्थित कोहिनूर एचडीआईएल की 12 मंजिला इमारत के इलेक्ट्रिक डक्ट की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। आग के कारण इमारत में तेजी से धुआं फैल गया, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। आग की चपेट में आने से कुछ मंजिलों के लोहे के दरवाजे भी बुरी तरह झुलस गए। त्योहारी माहौल के बीच सुबह-सुबह हुई इस घटना से इमारत में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, बिजली विभाग के कर्मचारी और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गए। दमकल विभाग को सुबह 6:53 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकलकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लगातार प्रयासों के बाद सुबह 7:21 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

हादसे में घायल नौ लोगों को तत्काल घाटकोपर स्थित राजावाडी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घायलों में पांच वर्षीय मोहम्मद शेख, 55 वर्षीय जाहेद अली शेख, इशान अहमद, फरिना बोनो, इजास अहमद, फरिन शेख, नैद्या शेख, कालिमा साहा और अलिना शेख शामिल हैं। इनमें से कई लोग इमारत में फैले धुएं के कारण सांस फूलने की समस्या से पीड़ित थे।

समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया जा सका। हादसे में घायल सभी नौ लोगों की हालत फिलहाल स्थिर है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि इमारत के इलेक्ट्रिक डक्ट की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट किन कारणों से हुआ। जांच में आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story