केईएम अस्पताल में 30 दिन में शुरू होगी नई लिफ्ट, दो और लिफ्ट लगाने का प्रस्ताव
मुंबई के केईएम अस्पताल में बंद लिफ्ट से मरीजों की परेशानी के बाद उपमहापौर संजय घाडी ने औचक निरीक्षण किया। नई लिफ्ट 30 दिनों में शुरू होगी, जबकि दो अतिरिक्त लिफ्ट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने का आश्वासन दिया गया है।

मुंबई के परेल स्थित केईएम अस्पताल में हड्डी रोग विभाग की बंद लिफ्ट से मरीजों को हो रही परेशानी के बीच गुरुवार शाम उपमहापौर संजय घाडी (लाल कुर्ते में) ने औचक निरीक्षण कर मरीजों और परिजनों से बातचीत की।
मुंबई के परेल स्थित केईएम अस्पताल में हड्डी रोग विभाग की बंद लिफ्ट के कारण मरीजों को हो रही परेशानी के बीच उपमहापौर संजय घाडी ने गुरुवार शाम अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। हाल ही में प्लास्टर लगे एक बुजुर्ग मरीज के सीढ़ियों से फिसलकर उतरने का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और महानगरपालिका ने इस समस्या पर ध्यान दिया है।
निरीक्षण के दौरान उपमहापौर संजय घाडी ने अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ. हरीश पाठक और अन्य वरिष्ठ डॉक्टरों के साथ बैठक कर लिफ्ट की स्थिति और मरीजों को हो रही असुविधा की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि पुरानी बंद लिफ्ट की जगह नई लिफ्ट लगाने का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अगले 30 दिनों के भीतर इसे मरीजों की सेवा के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
उपमहापौर ने बताया कि हड्डी रोग विभाग में बंद पड़ी लिफ्ट 39 साल पुरानी थी और उसकी कार्यक्षमता समाप्त हो चुकी थी। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रशासन ने इसके स्थान पर दो नई लिफ्ट लगाने का प्रस्ताव बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को भेजा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि महापौर और बीएमसी आयुक्त से चर्चा कर इस प्रस्ताव को जल्द मंजूरी दिलाने का प्रयास करेंगे।
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान संजय घाडी ने विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल मरीजों को सीढ़ियों के इस्तेमाल से होने वाली परेशानी से बचाने के लिए फिलहाल मुख्य इमारत में भर्ती किया जा रहा है।
इस दौरान छठ पूजा की तैयारियों को लेकर भी उपमहापौर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बीएमसी की नीतियां सभी नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं और प्रशासन किसी भी धर्म या त्योहार के खिलाफ नहीं है। हर साल की तरह इस वर्ष भी छठ पूजा के लिए महानगरपालिका की ओर से कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था की जा रही है।
इसके अलावा, उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर होने वाली उद्घोषणाओं को लेकर कहा कि वे स्पष्ट होनी चाहिए, ताकि यात्रियों को सही मार्गदर्शन मिल सके। केईएम अस्पताल में नई लिफ्ट शुरू होने और दो अतिरिक्त लिफ्ट लगाने के प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई से मरीजों को होने वाली असुविधा दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

