मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गौरव में एक नया अध्याय जुड़ गया है। दक्षिण मुंबई के प्रसिद्ध कला क्षेत्र को नया और आकर्षक स्वरूप देते हुए 'काला घोड़ा आर्ट एवेन्यू सौंदर्यीकरण और लाइटिंग प्रोजेक्ट' का भव्य लोकार्पण किया गया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की इस परियोजना के पूरा होने के बाद इस नवनिर्मित परिसर को आम मुंबईकरों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है।

काला घोड़ा प्लाजा में आयोजित विशेष समारोह के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस कलात्मक परियोजना को जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, मुंबई उपनगर के पालकमंत्री आशीष शेलार, मुंबई की मेयर रीतू तावड़े, बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिडे सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि बीएमसी ने इस क्षेत्र की पुरातन और ऐतिहासिक वास्तुकला को बिना किसी क्षति पहुंचाए उसके अनुरूप आधुनिक और कलात्मक स्वरूप प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि इससे काला घोड़ा क्षेत्र का सौंदर्य कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बदलाव स्थानीय नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा और भविष्य में मुंबई आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए यह प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे कायाकल्प में स्थानीय व्यवसायियों ने प्रशासन के साथ मिलकर सराहनीय योगदान दिया है।







दक्षिण मुंबई का काला घोड़ा क्षेत्र अपनी ऐतिहासिक इमारतों, आर्ट गैलरियों, संग्रहालयों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण विश्वभर में विशेष पहचान रखता है। यहां प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला प्रसिद्ध 'काला घोड़ा कला महोत्सव' इस क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करता है। इसी महत्व को ध्यान में रखते हुए बीएमसी ने पर्यटकों को सुरक्षित, आनंददायक और अंतरराष्ट्रीय स्तर का 'हेरिटेज वॉक' अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस परियोजना की योजना तैयार की थी, जिसके पहले चरण का कार्य अब पूर्ण हो चुका है।

परियोजना के पहले चरण में लगभग 500 मीटर लंबाई और 3443 वर्ग मीटर क्षेत्र का व्यापक कायाकल्प किया गया है। इसके अंतर्गत साईबाबा मार्ग, रोप वॉक लेन, डॉ. व्ही. बी. गांधी मार्ग, रुदरफोर्ड स्ट्रीट और बी. भरुचा मार्ग सहित पांच प्रमुख सड़कों का व्यापक सौंदर्यीकरण किया गया है। अब यह पूरा क्षेत्र यूरोप के सांस्कृतिक और जीवंत सार्वजनिक मार्गों जैसी अनुभूति कराता है।

यूरोपीय देशों की तर्ज पर यहां स्थित कैफे और रेस्तरां के सामने खुली सड़कों पर टेबल-कुर्सियां लगाने की व्यवस्था की गई है। इससे लोग खुले वातावरण में बैठकर कलात्मक माहौल का आनंद लेते हुए चाय, कॉफी और विभिन्न व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।

पैदल यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बी. भरुचा मार्ग के चौराहे पर विशेष रूप से 'काला घोड़ा प्लाजा' विकसित किया गया है। इसके निर्माण में ग्रे और ब्लैक ग्रेनाइट के साथ पारंपरिक बेसाल्ट पत्थरों का उपयोग किया गया है, जो क्षेत्र की ऐतिहासिक इमारतों के स्थापत्य से पूरी तरह सामंजस्य स्थापित करते हैं। पूरे परिसर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है तथा सुरक्षा के लिए आधुनिक बैरिकेड्स स्थापित किए गए हैं।

पर्यटकों और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह भी निर्णय लिया है कि प्रत्येक शनिवार और रविवार को शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक इन पांचों सड़कों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। इससे लोग बिना ट्रैफिक की बाधा के आराम से घूम सकेंगे, खरीदारी कर सकेंगे और क्षेत्र के कैफे तथा रेस्तरां में खुले वातावरण का आनंद ले सकेंगे। परियोजना का पहला चरण पूरा होने के साथ काला घोड़ा क्षेत्र का यह नया स्वरूप मुंबई की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक शहरी विकास के समन्वय का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story