मुंबई के गोवंडी स्थित संजय नगर बीएमसी स्कूल में स्कूल प्रशासन को धमकाकर जबरन बकरे बांधे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। एम-पूर्व वार्ड के अंतर्गत आने वाले इस स्कूल की घटना का खुलासा मुंबई महानगरपालिका की शिक्षा समिति की बैठक में हुआ, जहां इस मुद्दे को लेकर जोरदार हंगामा हुआ।

शिक्षा समिति के स्वीकृत सदस्य निखिल व्यास ने बैठक में मामले को प्रमुखता से उठाते हुए सख्त नाराजगी जताई और पूरे प्रकरण की गहन जांच कराने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया, “क्या यह स्कूल शिक्षा के लिए है या पशुपालन के लिए?” निखिल व्यास ने आशंका जताई कि स्कूल का सुरक्षा गार्ड स्थानीय असामाजिक तत्वों से मिला हो सकता है और इसकी भी जांच की जानी चाहिए।

इस मुद्दे पर शिक्षा समिति के कई अन्य सदस्यों ने भी निखिल व्यास का खुलकर समर्थन किया। सदस्य स्वप्ना म्हात्रे, सुषम सामंत और योगिता कोली ने घटना पर गहरा आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी स्कूल परिसर में इस तरह की दबंगई किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से किसी भी स्थानीय गुंडे से डरे बिना आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा समिति की अध्यक्षा ने भी घटना पर सख्त नाराजगी जताई और बीएमसी प्रशासन को तुरंत आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही, जब तक पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट अगली बैठक में पेश नहीं कर दी जाती, तब तक इस मुद्दे को लंबित रखने का निर्णय लिया गया है।

बीएमसी के इस कड़े रुख के बाद स्कूल परिसरों में अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में कार्रवाई की उम्मीद है। अब पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट अगली बैठक में पेश किए जाने के बाद आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story