मराठी भाषी शिक्षकों के अतिरिक्त समय और हिंदी-अंग्रेजी संवाद के दम पर 95% गैर-मराठी छात्रों वाले इस बीएमसी स्कूल में मेरिट पास बच्चों की संख्या 131 पहुंची।

मुंबई के गोवंडी स्थित देवनार कॉलोनी इंग्लिश मीडियम स्कूल क्रमांक-4 ने शैक्षणिक उपलब्धियों के दम पर निजी स्कूलों के सामने नई चुनौती पेश की है। यहां 95 प्रतिशत छात्र गैर-मराठी भाषी हैं, जबकि उन्हें पढ़ाने वाले सभी शिक्षक मराठी हैं। इसके बावजूद स्कूल के विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति परीक्षाओं और मेरिट सूची में शानदार प्रदर्शन कर अपनी अलग पहचान बनाई है।
गोवंडी के लल्लूभाई कंपाउंड क्षेत्र में म्हाडा इमारत के भूतल पर संचालित इस स्कूल में पहली से आठवीं कक्षा तक कुल 515 छात्र अध्ययनरत हैं। स्कूल की प्रधानाध्यापिका मीनल चौधरी के नेतृत्व में महापौर पुरस्कार विजेता शिक्षक उदयसिंह नांगरे, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ट्रस्ट से पुरस्कृत नंदकुमार घोडे और गणेश चाबुकस्वार सहित पूरी शिक्षक टीम विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए लगातार अतिरिक्त प्रयास कर रही है।
खास बात यह है कि स्कूल के शिक्षक निजी ट्यूशन से दूर रहते हुए कार्यालयीन समय समाप्त होने के बाद भी विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय देते हैं। अंग्रेजी और हिंदी में संवाद के माध्यम से बच्चों की शैक्षणिक बुनियाद मजबूत की जा रही है। आसपास के इलाकों में विद्यार्थियों के घर छोटे होने के कारण कई बच्चे स्कूल की छुट्टी के बाद भी यहीं आकर पढ़ाई करते हैं।
स्कूल की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कमरों की कमी के चलते हर साल 200 से 250 बच्चों को प्रवेश नहीं मिल पाता। सीमित संसाधनों और अतिरिक्त कक्षाओं की जरूरत के बीच शिक्षकों के समर्पण का असर विद्यार्थियों के परिणामों में भी साफ दिखाई दे रहा है। वर्ष 2022-23 में मेरिट में स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 33 थी, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 131 हो गई।
इस वर्ष स्कूल ने छात्रवृत्ति परीक्षाओं में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। चौथी, पांचवीं, सातवीं और आठवीं कक्षा की बीएमसी स्कॉलरशिप परीक्षा में स्कूल के 36 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। वहीं, प्रतिष्ठित एनएमएमएस छात्रवृत्ति में पूरे मुंबई से चयनित कुल 49 विद्यार्थियों में से अकेले इसी स्कूल के 21 विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें मुंबई टॉपर भी इसी स्कूल का छात्र है।
95 प्रतिशत गैर-मराठी भाषी विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत मराठी शिक्षकों की टीम द्वारा अंग्रेजी और हिंदी संवाद के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना इस स्कूल की विशेष पहचान बन गया है। मेरिट में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और छात्रवृत्ति परीक्षाओं में मिली सफलता ने देवनार कॉलोनी इंग्लिश मीडियम स्कूल क्रमांक-4 को मुंबई के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के बीच अलग स्थान दिलाया है।

