मुंबई: सस्ते सोने के नाम पर 2.35 करोड़ की ठगी, चार पर मामला दर्ज
सोनल रबारी और उसके सहयोगियों ने बाजार भाव से कम दाम पर सोना दिलाने का झांसा देकर घाटकोपर की महिला और उसके रिश्तेदारों से करोड़ों रुपये हड़पे।

मुंबई। सस्ते दाम पर सोना दिलाने का लालच देकर निवेशकों से करीब 2.35 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों ने फर्जी गोल्ड स्कीम के नाम पर लोगों को ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर पैसे जुटाए थे। पुलिस के अनुसार इस मामले में सोनल रबारी, उसके पति मेपा उर्फ मयूर रबारी, उनके रिश्तेदार जयदेव रबारी और सहयोगी रमेश भानुशाली के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इन लोगों ने बाजार भाव से कम कीमत पर सोना दिलाने और अधिक लाभ का वादा कर निवेशकों से रकम ली।
फर्जी स्कीम और निवेश का झांसा
शिकायतकर्ता भारती भरत भानुशाली (34), जो घाटकोपर पश्चिम के एनएसएस रोड की निवासी हैं, से जनवरी 2023 में रमेश ने संपर्क किया और 10 लाख रुपये निवेश करने के लिए कहा। इस दौरान उसने भारती के भाई अर्जुन गौरी के क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर करीब 2.5 लाख रुपये भी निकाल लिए। इसके बाद भारती की मुलाकात सोनल से हुई, जिसने दावा किया कि "वह बाजार भाव करीब 57 हजार रुपये प्रति तोला होने पर भी 50 हजार रुपये प्रति तोला के हिसाब से सोना दिलाकर निवेशकों को लाभ दिला रही है।"
लाखों का लेनदेन और गिरफ्तारी का खुलासा
25 जनवरी 2023 को मयूर रबारी ने भारती से 3.2 लाख रुपये लिए और उसने 80 हजार रुपये जीपे के माध्यम से भी भेजे। अप्रैल 2023 में सोनल ने बताया कि आठ तोला सोना आ गया है और उसे 56,500 रुपये प्रति तोला के हिसाब से निवेश जारी रखने के लिए प्रेरित किया। बाद में भारती और उनके रिश्तेदार इस योजना में लगातार निवेश करते रहे। सितंबर 2025 में जब भारती को राजस्थान में सोनल की गिरफ्तारी की जानकारी मिली, तब उन्होंने इस मामले में पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
