मुंबई: 24 कैरेट गोल्ड स्कीम के नाम पर 2.35 करोड़ की ठगी, 4 पर मामला दर्ज
घाटकोपर पुलिस ने सोनल मेपा रबारी समेत चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है, जिन्होंने एक तोला सोने पर भारी मुनाफे का लालच देकर निवेश कराया था।

मुंबई। 24 कैरेट गोल्ड स्कीम में निवेश का लालच देकर 2 करोड़ 35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में घाटकोपर पुलिस ने सोनल मेपा रबारी, उनके पति मेपा रबारी, जयदेव रबारी और रमेश भानुशाली के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चारों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
झांसे में लेकर कराई करोड़ों की इन्वेस्टमेंट
पुलिस के अनुसार शिकायत करने वाली 34 वर्षीय महिला घाटकोपर क्षेत्र की निवासी और गृहिणी है। करीब तीन वर्ष पहले उसकी पहचान सोनल और रमेश से हुई थी। उन्होंने महिला को 24 कैरेट गोल्ड स्कीम में निवेश करने का प्रस्ताव दिया और भरोसा दिलाया कि "एक तोला सोने पर हर महीने 5 से 7 हजार रुपये तक का लाभ मिलेगा।"
रिश्तेदारों और दोस्तों ने भी गंवाई पूंजी
स्कीम के झांसे में आकर महिला ने अपने परिवार के साथ-साथ रिश्तेदारों और दोस्तों को भी इसमें निवेश करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद सभी ने मिलकर कुल 2 करोड़ 35 लाख रुपये की राशि निवेश कर दी। आरोप है कि निवेश के बाद आरोपियों ने न तो सोना दिया और न ही निवेश की राशि लौटाई।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
बाद में आरोपियों ने महिला का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया और घाटकोपर स्थित फ्लैट पर भी ताला लगा दिया। धोखाधड़ी का संदेह होने पर महिला ने घाटकोपर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोनल रबारी, उनके पति मेपा रबारी, जयदेव रबारी और रमेश भानुशाली के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
