मुंबई के दक्षिण कोलाबा इलाके में प्रसिद्ध ‘गीतानगरचा महाराजा’ गणपति बाप्पा के आगमन सोहले के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गणेश मूर्ति के स्वागत के दौरान एक छोटी बच्ची चलती ट्रॉली के भारी पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। हादसे का डरावना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, गीतानगर के महाराजा की लगभग दो टन वजन वाली विशाल गणेश मूर्ति को एक बड़ी ट्रॉली पर रखकर ले जाया जा रहा था। आगमन के दौरान मौके पर भारी भीड़ मौजूद थी। बाप्पा के स्वागत के उत्साह में ट्रॉली खींच रहे कार्यकर्ताओं की रफ्तार काफी तेज थी।

भीड़ और ट्रॉली की तेज रफ्तार के बीच वहां मौजूद छोटी बच्ची को रास्ते से हटने का मौका नहीं मिल सका। ट्रॉली का जोरदार धक्का लगने से बच्ची सीधे चलती हुई ट्रॉली के भारी पहिए के नीचे आ गई। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मौजूद लोगों ने तुरंत ट्रॉली रुकवाई और बच्ची को काफी मुश्किल से पहिए के नीचे से बाहर निकाला। हादसे के तुरंत बाद घायल बच्ची को पास के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके पैर का इलाज चल रहा है।

घटना के बाद आम लोगों और सोशल मीडिया पर गणेशोत्सव मंडल की लापरवाही को लेकर भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। प्रशासन और पुलिस ने सभी गणेशोत्सव मंडलों को बाप्पा के आगमन के दौरान सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने और ट्रॉली की रफ्तार धीमी रखने की सख्त हिदायत दी है।

गणेश मूर्ति के आगमन के दौरान हुई यह घटना भीड़, तेज रफ्तार ट्रॉली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है। प्रशासन और पुलिस की ओर से मंडलों को सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story