22 जुलाई को मुंबई के 227 वार्डों में मुफ्त ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग शिविर, बीएमसी का बड़ा स्वास्थ्य अभियान
22 जुलाई 2026 को बीएमसी मुंबई के सभी 227 वार्डों में मुफ्त ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग शिविर लगाएगी। जानिए किन महिलाओं को मिलेगा लाभ और कैसे होगी जांच।

मुंबई की महिलाओं के स्वास्थ्य को केंद्र में रखकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने 22 जुलाई 2026 को शहर के सभी 227 प्रशासनिक वार्डों में एक साथ विशाल मुफ्त ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाला यह विशेष स्वास्थ्य शिविर पूरी तरह निशुल्क होगा। यह जन-कल्याणकारी अभियान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है।
बीएमसी के अनुसार भारतीय महिलाओं में स्तन कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है और कुल कैंसर मामलों में इसका अनुपात एक-चौथाई से भी अधिक हो चुका है। बीमारी का समय पर निदान ही सबसे प्रभावी बचाव माना जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए महापौर रितु तावड़े, उपमहापौर संजय घाडी, सदन के नेता गणेश खनकर, शिवसेना गुट नेता अमेय घोले, स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे तथा सार्वजनिक आरोग्य समिति के अध्यक्ष हरीश भांदिर्गे ने मुंबई की गृहिणियों और कामकाजी महिलाओं से इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं संकोच के कारण जांच नहीं कराती हैं, लेकिन अब बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी सेहत के लिए केवल पांच मिनट का समय निकालकर इस जांच का लाभ उठाना चाहिए।
अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए बीएमसी ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में 2 डॉक्टर, 2 नर्स और 2 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की समर्पित टीम तैनात की जाएगी। इस प्रकार पूरे मुंबई में चिकित्सा क्षेत्र के 2 हजार से अधिक स्वास्थ्य कर्मी अपनी सेवाएं देंगे। इस विशेष जांच के लिए सभी डॉक्टरों को देश के प्रतिष्ठित टाटा मेमोरियल सेंटर के विशेषज्ञों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। शिविर में बीएमसी के प्रमुख और उपनगरीय अस्पतालों के अलावा निजी अस्पतालों, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन तथा टाटा मेमोरियल के डॉक्टर भी अपनी सेवाएं देंगे।
शिविर में 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की प्रारंभिक शारीरिक जांच के साथ रक्तचाप और वजन की भी मुफ्त जांच की जाएगी। यदि प्राथमिक जांच के दौरान किसी महिला में लक्षण या आवश्यकता पाई जाती है तो उसे बीएमसी के लोकमान्य तिलक जनरल अस्पताल और राजा एडवर्ड मेमोरियल अस्पताल में अत्याधुनिक मैमोग्राफी जांच के लिए भेजा जाएगा, जहां यह जांच भी पूरी तरह निशुल्क होगी। वहीं गर्भवती महिलाओं को सलाह दी गई है कि वे इस जांच के लिए अपने निकटतम प्रसूति गृह या अस्पताल से संपर्क करें।
अभियान को व्यापक जनभागीदारी दिलाने के लिए मुंबई के सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों के छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों के माध्यम से घर-घर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बीएमसी की आरोग्यसेविकाएं भी बस्तियों और आवासीय सोसायटियों में पहुंचकर महिलाओं को शिविर में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रही हैं। प्रशासन का मानना है कि परिवार की एक महिला का स्वस्थ रहना पूरे परिवार की खुशहाली से जुड़ा है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपनी मां, बहन और बेटी को 22 जुलाई को आयोजित इस मुफ्त स्वास्थ्य शिविर तक अवश्य पहुंचाना चाहिए।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
