मुंबई। रेल यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराने वाले बेस किचन में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों की गंभीर अनदेखी का मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन यानी एफडीए की अचानक हुई जांच में मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित आरके एसोसिएट्स के बेस किचन में कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। किचन में कॉकरोच का जमावड़ा, खुले में रखा भोजन, कचरे के ढेर के पास खाना पकाने और गंदे व जंग लगे बर्तनों के इस्तेमाल जैसी लापरवाहियां सामने आईं। इसके बाद एफडीए ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित संस्था का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया।

जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि किचन की दीवारें टूटी हुई थीं और स्वच्छता नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। एक कर्मचारी के हाथ में चोट लगी होने के बावजूद वह बिना किसी सुरक्षा के भोजन तैयार कर रहा था। वहीं, किचन में काम करने वाले 34 कर्मचारियों में से कई के पास स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी नहीं थे। एफडीए की जांच में सामने आई इन खामियों को गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघन माना गया।

एफडीए की टीम ने मुंबई और आसपास के पांच अन्य बेस किचन और फूड प्लाजा का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान नियमों का पालन नहीं करने पर चार अन्य खानपान केंद्रों को नोटिस जारी किया गया और व्यवस्था में सुधार करने की चेतावनी दी गई।

खाद्य लाइसेंस निलंबित होने की अवधि में आरके एसोसिएट्स को किसी भी प्रकार का खाना बनाने, उसकी आपूर्ति करने या बेचने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता को लेकर हुई इस कार्रवाई से रेलवे खानपान व्यवस्था पर निगरानी और सख्त होने के संकेत मिले हैं। बीएमसी और खाद्य प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाली एजेंसियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story