मुंबई: दादर में सड़क विवाद के बाद बेस्ट बस चालक से मारपीट, मामला दर्ज
तिलक पुल पर ओवरटेक की जगह न मिलने से नाराज कार चालक ने घटना को अंजाम दिया, पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी।

तस्वीर में बस के अंदर व्यक्ति ड्राइवर से बहस करता दिख रहा है।
मुंबई। दादर के व्यस्त तिलक पुल के पास रविवार शाम सड़क पर विवाद के बाद बेस्ट बस चालक से मारपीट का मामला सामने आया। बस को रास्ता नहीं मिलने से नाराज एक कार चालक ने बस को रोककर उसके ड्राइवर के साथ बदसलूकी और मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पीड़ित बेस्ट बस चालक ने दादर के शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन पहुंचकर आरोपी कार चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
मिली जानकारी के अनुसार, वडाला डिपो की बेस्ट बस सी-40 रविवार शाम करीब 7:30 बजे शिवड़ी से डिंडोशी की तरफ जा रही थी। तिलक पुल के पास भारी ट्रैफिक के कारण बस धीमी गति से चल रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे कार चालक को ओवरटेक करने की जगह नहीं मिल सकी। इससे नाराज कार चालक ने अपनी गाड़ी बस के ठीक आगे लाकर खड़ी कर दी।
इसके बाद कार चालक जबरन बस के अंदर घुस गया और बस चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। उस समय बस में यात्री भरे हुए थे। वायरल वीडियो में यात्री आरोपी चालक पर चिल्लाते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
बेस्ट प्रशासन के अनुसार, पीड़ित ठेका कर्मचारी चालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। बीएमसी और बेस्ट प्रशासन ने ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। दादर में व्यस्त सड़क पर बस चालक के साथ हुई इस मारपीट ने सार्वजनिक परिवहन कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति सामने रखी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
