मुंबई। मुंबई के कोस्टल रोड की उत्तर दिशा की ओर जाने वाली सुरंग में शुक्रवार तड़के छह वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। सुबह करीब 2:33 बजे हुए इस हादसे में सभी छह गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना के बाद एक कार के बोनट में आग लगने से सुरंग के भीतर आग फैलने का खतरा पैदा हो गया, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रातःकाल संवाददाता के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ। सुरंग के भीतर छह वाहनों की जोरदार टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में शामिल एक कार के बोनट में अचानक आग लग गई। सुरंग के भीतर आग फैलने की आशंका के बीच मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और वाहन चालकों ने तत्परता दिखाई। अग्निशमन यंत्र की मदद से आग बुझा दी गई, जिससे संभावित अग्निकांड टल गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुंबई ट्रैफिक पुलिस और कोस्टल रोड प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। सुरंग में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए तत्काल टोइंग क्रेन तैनात की गई। इसकी मदद से दुर्घटनाग्रस्त सभी छह वाहनों को सुरंग से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इसके लिए सुरंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहनों की टक्कर तेज रफ्तार के कारण हुई या किसी वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से यह दुर्घटना हुई। हादसे में किसी के हताहत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिलने के बावजूद पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Next Story