मुंबई कोस्टल रोड हादसा: शनय गज्जल की पुरानी घटना का वीडियो वायरल, तीन छात्रों की मौत
मुंबई कोस्टल रोड हादसे में तीन छात्रों की मौत और एक के घायल होने के बाद शनय गज्जल से जुड़ी पुरानी घटना का वीडियो वायरल है। पुलिस ने चारों छात्रों के खून के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं।

मुंबई। मुंबई के हाई-प्रोफाइल कोस्टल रोड पर रविवार तड़के हुए भीषण कार हादसे में तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीन युवा छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान शनय गज्जल, आदित्य जकासनिया और धैर्य सेठ के रूप में हुई है। घायल आदित्य ओसवाल का अस्पताल में इलाज जारी है।
हादसे में मारे गए सभी छात्र मूल रूप से अहमदाबाद के रहने वाले थे। वे मुंबई में पढ़ाई कर रहे थे और जुहू-सांताक्रूज इलाके में पेइंग गेस्ट के तौर पर रह रहे थे। हादसे के बाद कार चला रहे शनय गज्जल से जुड़ी एक पुरानी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, शनय का पहले भी शराब के नशे में हंगामा करने और बदतमीजी करने का इतिहास रहा है। इसी साल 29 मार्च को ताड़देव निवासी ओंकार शिर्के की गाड़ी को शनय ने जोरदार टक्कर मारी थी। इस संबंध में उसके खिलाफ गावदेवी और बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
इस पुरानी घटना के वायरल वीडियो में नशे में धुत शनय शिर्के दंपत्ति के साथ बेहद अभद्र और उग्र भाषा में बहस करता दिखाई दे रहा है। कोस्टल रोड पर हुए हादसे के समय भी क्या इन छात्रों ने शराब का सेवन किया था, इस दिशा में पुलिस को गहरा संदेह है।
मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस ने चारों छात्रों के खून के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। अब फॉरेंसिक रिपोर्ट में क्या खुलासा होता है, इस पर पूरे मुंबई की नजरें हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
