मुंबई के चेम्बूर तेरापंथ भवन के सभागार में जैन श्वेतांबर तेरापंथ धर्मसंघ का 33वां विकास महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में साधु-साध्वियों, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ युवक परिषद और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विकास पुरुष आचार्य महाश्रमण की विदुषी सुशिष्या साध्वी निर्वाणश्री ने कहा कि विकास महोत्सव जैन श्वेतांबर तेरापंथ धर्मसंघ की विकास यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कम संसाधन, मार्ग की दुरूहता और अल्प परिचय के बावजूद आचार्य तुलसी ने विश्वभर में तेरापंथ का परचम लहराया। गुरुदेव तुलसी ने अनेक दिशागामी क्रांति का सिंहनाद किया। उनका पूरा जीवन समाजोपयोगी अभ्युदय के लिए समर्पित था। वे साहित्यकार और प्रवचनकार होने के साथ महान समाज सुधारक भी थे।

पूज्य साध्वी डॉ. योगक्षेमप्रभा ने अपने संबोधनीय वक्तव्य में कहा कि तेरापंथ के विकास का प्रथम मंगलाचरण विकास पुरुष ऋषि हेम से हुआ। उनकी दीक्षा के साथ ही संत संख्या में श्रीवृद्धि होने लगी। प्रज्ञापुरुष जयाचार्य ने विकास की नई वर्णमाला रची, जबकि विकास पुरुष आचार्य तुलसी ने विकास की नई परिभाषा ही गढ़ दी।

इस अवसर पर साध्वी योगक्षेमप्रभा, साध्वी लावण्यप्रभा, साध्वी कुंदनयशा, साध्वी मुदितप्रभा एवं साध्वी मधुरप्रभा ने ‘उत्सव आज मनाए हम’ गीत की सुंदर अभिव्यक्ति की।




कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र एवं सामूहिक जप के साथ हुआ। इसके बाद तेरापंथ महिला मंडल की बहनों ने मधुर स्वरों में मंगलाचरण किया। तेरापंथ सभाध्यक्ष लक्ष्मण कोठारी, तेयुप अध्यक्ष हिमांशु गन्ना और तेममं मंत्री पायल मांडोत ने विकास महोत्सव के संदर्भ में अपने भाव प्रकट किए।

विकास महोत्सव के अवसर पर वनिता वडोला ने प्रतर एवं नेहा राठौड़ ने कंठी तप का प्रत्याख्यान किया। तपोभिनंदन में साधना कोठारी, मीना मेहता, रेखा रोका व मधु जैन ने तीन-तीन उपवास का उपहार भेंट किया।

संघगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। भाई-बहनों ने अच्छी संख्या में उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सफल बनाया। इस आयोजन में तेरापंथ धर्मसंघ की विकास यात्रा, आचार्य परंपरा और साधना के प्रति श्रद्धा के विभिन्न आयाम सामने आए।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story